देश

'पहले UP में योगी को हटाएंगे, फिर मोदी को सत्ता से हटाने की लड़ाई लड़ेंगे', ओवैसी ने भरी चुनावी हुंकार

UP Elections: एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को दावा किया कि पहले उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ को सत्ता से हटाएंगे और फिर दिल्ली में नरेन्द्र मोदी को हटाने की लड़ाई लड़ेंगे।

Image

एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी

Photo : PTI

UP Elections: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को दावा किया कि पहले उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ को सत्ता से हटाएंगे और फिर दिल्ली में नरेन्द्र मोदी को हटाने की लड़ाई लड़ेंगे।

ओवैसी ने की चंद्रशेखर को CM बनाने की अपील

उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों के पहले मेरठ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने लोगों से एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के गठबंधन को समर्थन देने तथा चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री बनाने की अपील की। हाल ही में दोनों दलों ने गठबंधन करते हुए सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की घोषणा की और ओवैसी ने आजाद के नाम को उप्र के मुख्यमंत्री पद के लिए प्रस्तावित किया।

नौचंदी मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा कि भाजपा को रोकने की ताकत उनके गठबंधन में है। उन्होंने कहा, ''2027 के चुनाव में मेरठ से एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवारों को जिताकर विधानसभा भेजें। अब राजनीतिक चेतना जाग चुकी है। किसी राजनीतिक पार्टी के सामने सिर नहीं झुकाएंगे और न ही किसी से भीख मांगेंगे।''

मुख्यमंत्री योगी पर बरसे ओवैसी

ओवैसी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ को फिर से मुख्यमंत्री बनने से रोकना है तो सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को कामयाब करना होगा। एआईएमआईएम प्रमुख ने समाजवादी पार्टी (SP) अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि दंगों में 50 हजार लोग बेघर हुए थे, लेकिन तत्कालीन अखिलेश यादव सरकार ने पीड़ितों की मदद नहीं की।

ओवैसी ने कहा कि सपा के 47 मुस्लिम विधायक होने के बावजूद पीड़ितों के लिए कुछ नहीं किया गया। ओवैसी ने मई 1987 में मेरठ के हाशिमपुरा और मलियाना की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि हाशिमपुरा में 42 और मलियाना में 72 मुस्लिमों की हत्या कांग्रेस के शासनकाल में हुई थी।

हालांकि, उन्होंने कांग्रेस और सपा के नेताओं से भी मोर्चे में शामिल होने का आह्वान किया। ओवैसी ने कहा, ''हम अपना नुकसान उठाकर भी आपको जगह देने के लिए तैयार हैं।'' सभा में भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह भी मौजूद थे। ओवैसी ने मंच पर उनका स्वागत किया और बताया कि चंद्रशेखर आजाद व्यस्तता के कारण सभा में शामिल नहीं हो सके।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article