एजुकेशन

IOCL Apprentice Recruitment 2026: इंडियन ऑयल में 409 पदों पर भर्ती, 10वीं पास भी करें आवेदन

कंपनी के मार्केटिंग डिवीजन ने पूर्वी भारत के लिए 409 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती निकाली है। खास बात यह है कि उम्मीदवारों का चयन किसी लिखित परीक्षा या इंटरव्यू के बजाय शैक्षणिक अंकों के आधार पर तैयार मेरिट लिस्ट से किया जाएगा।

Image

इंडियन ऑयल में 409 पदों पर भर्ती, 10वीं पास भी करें आवेदन (Image- AI Generated/Newsroom Verified

IOCL ER Apprentice Recruitment 2026: इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOCL) में अप्रेंटिसशिप करने का मौका तलाश रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। कंपनी के मार्केटिंग डिवीजन ने पूर्वी भारत के लिए 409 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती निकाली है। खास बात यह है कि उम्मीदवारों का चयन किसी लिखित परीक्षा या इंटरव्यू के बजाय शैक्षणिक अंकों के आधार पर तैयार मेरिट लिस्ट से किया जाएगा। इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 13 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 12 दिसंबर 2026 शाम 5 बजे तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को 12 महीने की ट्रेनिंग दी जाएगी।

इस भर्ती में टेक्नीशियन अप्रेंटिस, ITI ट्रेड अप्रेंटिस, ग्रेजुएट अप्रेंटिस और डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद शामिल हैं। भर्ती पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा, झारखंड, असम, सिक्किम और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों के साथ अंडमान-निकोबार के लिए भी है।

कौन कर सकता है आवेदन?

टेक्नीशियन अप्रेंटिस के लिए संबंधित इंजीनियरिंग ब्रांच में तीन साल का नियमित डिप्लोमा जरूरी है। ITI ट्रेड अप्रेंटिस के लिए 10वीं के साथ संबंधित ट्रेड में दो साल का ITI सर्टिफिकेट होना चाहिए। ग्रेजुएट अप्रेंटिस के लिए नियमित BA, BCom, BSc या BBA डिग्री जरूरी है। डाटा एंट्री ऑपरेटर पद के लिए 12वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।

सामान्य, EWS और OBC-NCL उम्मीदवारों के लिए संबंधित योग्यता में कम से कम 50% अंक जरूरी हैं। SC, ST और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए यह सीमा 45% है। उम्मीदवार की उम्र 30 नवंबर 2026 को 18 से 24 साल के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट मिलेगी।

बिना परीक्षा बनेगी मेरिट लिस्ट

उम्मीदवारों का चयन शैक्षणिक अंकों के आधार पर होगा। इसके बाद शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच और मेडिकल परीक्षण किया जाएगा।

कहां और कैसे करें आवेदन?

ITI और डाटा एंट्री पदों के लिए NAPS पोर्टल और टेक्नीशियन व ग्रेजुएट पदों के लिए NATS पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद Microsoft Form भरना भी जरूरी है। इसमें ट्रेनिंग के लिए तीन पसंदीदा स्थान बताने होंगे। केवल पोर्टल पर आवेदन करना पर्याप्त नहीं होगा।

आवेदन की आखिरी तारीख 12 दिसंबर 2026 शाम 5 बजे है। उम्मीदवार भर्ती से जुड़ी जानकारी के लिए इंडियन ऑयल की आधिकारिक वेबसाइट iocl.com पर भी अपडेट चेक कर सकते हैं।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article