एजुकेशन

BPSC TRE 4: STET-2026 वालों को मिलेगा मौका, लेकिन ये शर्त पूरी करना जरूरी

BPSC ने शिक्षक भर्ती के चौथे चरण यानी TRE 4.0 के लिए जारी विज्ञापन में शैक्षणिक योग्यता और पात्रता को लेकर स्थिति साफ कर दी है। उम्मीदवारों को प्रारंभिक परीक्षा यानी PT से पहले STET-2026 पास करना होगा।

Image

BPSC TRE 4 News

BPSC TRE 4 News: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने शिक्षक भर्ती के चौथे चरण यानी TRE 4.0 के लिए जारी विज्ञापन में शैक्षणिक योग्यता और पात्रता को लेकर स्थिति साफ कर दी है। जिन अभ्यर्थियों की जरूरी शैक्षणिक योग्यता पूरी है और उनका शिक्षक प्रशिक्षण भी पूरा हो चुका है, वे आवेदन कर सकते हैं। खास बात यह है कि जो उम्मीदवार STET-2026 में शामिल होने वाले हैं, उन्हें भी विद्यालय अध्यापक के पद के लिए आवेदन करने का मौका दिया गया है।

हालांकि, ऐसे उम्मीदवारों के लिए एक जरूरी शर्त रखी गई है। उन्हें प्रारंभिक परीक्षा यानी PT से पहले STET-2026 पास करना होगा। अगर कोई अभ्यर्थी STET में सफल नहीं होता है, तो उसे BPSC TRE 4.0 की प्रारंभिक परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी नहीं किया जाएगा।

STET में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को परीक्षा से संबंधित जरूरी प्रमाण संभालकर रख लें, उनकी फोटोकॉपी का सेट भी तैयार रखें। आयोग की ओर से मांगे जाने पर उन्हें STET में शामिल होने का प्रमाण, एडमिट कार्ड और अन्य मूल दस्तावेज सत्यापन के समय दिखाने होंगे।

किस शिक्षक पद के लिए कौन सी पात्रता परीक्षा जरूरी है?

  • BPSC के निर्देशों के मुताबिक अलग-अलग शिक्षक पदों के लिए पात्रता परीक्षा भी अलग रखी गई है
  • प्राथमिक शिक्षक पद के लिए उम्मीदवार को CTET पेपर-1 या BTET पेपर-1 पास होना जरूरी है।
  • मध्य विद्यालय शिक्षक के लिए CTET पेपर-2 या BTET पेपर-2 में सफलता हासिल करना अनिवार्य है।
  • माध्यमिक विद्यालय और विशेष विद्यालय शिक्षक पद के लिए STET पेपर-1 पास होना चाहिए।
  • वहीं, उच्च माध्यमिक शिक्षक के पद पर आवेदन करने वालों के लिए STET पेपर-2 पास होना जरूरी है।
  • इसके अलावा वर्ष 2012 से पहले नियुक्त किए गए उच्च माध्यमिक शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा पास करने की शर्त लागू नहीं होगी।

TRE 4.0 के दो चरणों में होने वाले एग्जाम से नाराज अभ्यर्थी

BPSC की ओर से TRE 4.0 का विज्ञापन जारी होने के बाद अभ्यर्थियों के एक वर्ग ने विरोध शुरू कर दिया है। 18 अगस्त को पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर छात्रों ने सत्याग्रह किया। अभ्यर्थियों की सबसे बड़ी मांग परीक्षा को दो चरणों की जगह एक ही चरण में कराने की है। उनका कहना है कि शिक्षक नियुक्ति के पिछले तीन चरणों में परीक्षा एकल चरण में आयोजित की गई थी, लेकिन TRE 4.0 में प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा की व्यवस्था लागू कर दी गई है।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि जब तक परीक्षा को एक चरण में आयोजित नहीं कराए जाने की बात मानी जाएगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। छात्र नेताओं ने यह भी चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो 21 अगस्त से अनशन शुरू किया जा सकता है।

नेगेटिव मार्किंग खत्म करने समेत कई मांगें

अभ्यर्थियों की मांग केवल परीक्षा के चरणों तक सीमित नहीं है। वे परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग खत्म करने की भी मांग कर रहे हैं। इसके अलावा बिहार कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में संविदा कर्मचारियों को किसी तरह का वेटेज नहीं देने, भर्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता रखने और लाइब्रेरियन के पदों पर भर्ती शुरू करने की मांग भी उठाई गई है। धरना स्थल पर छात्रों ने सिंगल एग्जाम लागू करने और संविदा कर्मचारियों को वेटेज नहीं देने जैसे मुद्दों को लेकर नारेबाजी भी की।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article