देश में पिछले कुछ वर्षों के दौरान कई बड़ी भर्ती और प्रवेश परीक्षाएं विवादों में रही हैं। कभी पेपर लीक के आरोप लगे, कभी परीक्षा रद्द करनी पड़ी और कभी परीक्षा केंद्रों पर अव्यवस्था ने छात्रों की परेशानी बढ़ा दी। NEET UG पेपर लीक विवाद, SSC GD परीक्षा रद्द होने की घटनाएं और CUET UG परीक्षा के दौरान तकनीकी समस्याओं ने करोड़ों युवाओं का भरोसा हिलाया है। इसी बीच उत्तर प्रदेश में एक ऐसी परीक्षा आयोजित हुई, जिसमें लगभग 22 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए और तीन दिन तक चले इस विशाल आयोजन में किसी बड़े व्यवधान, पेपर लीक या नकल गिरोह की घटना सामने नहीं आई। बात हो रही है उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 2025 की, जिसे 8, 9 और 10 जून 2026 को प्रदेश के 75 जिलों के 1183 परीक्षा केंद्रों पर सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
NEET पेपर लीक, SSC विवाद और CUET की अव्यवस्थाओं के बीच उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा का सफल आयोजन एक सकारात्मक उदाहरण बनकर सामने आया है। लगभग 22 लाख अभ्यर्थियों वाली इस परीक्षा में तकनीक, कड़ी निगरानी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस नीति का असर साफ दिखाई दिया।
28 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी, फिर भी व्यवस्था रही मजबूत
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अनुसार परीक्षा के लिए कुल 28 लाख 86 हजार 798 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। इनमें लगभग 19.62 लाख पुरुष और 9.24 लाख महिला अभ्यर्थी शामिल थीं। तीन दिनों में आयोजित परीक्षा में 21 लाख 92 हजार 236 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। यानी करीब 76 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
आखिर क्या था योगी सरकार का प्लान?
पिछले वर्ष यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ कहा था कि दोषियों को किसी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा। इसके बाद सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में व्यापक बदलाव किए। इस बार परीक्षा केंद्रों पर कई स्तर की सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई। योगी सरकार ने ई-केवाईसी सत्यापन, बायोमेट्रिक मिलान, फेस वेरिफिकेशन, AI आधारित निगरानी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और कंट्रोल रूम से लाइव मॉनिटरिंग के जरिए यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के इस महा आयोजन को सकुशल अंजाम दिया।
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्रों पर कैसी थी सुरक्षा व्यवस्था
- ई-केवाईसी सत्यापन
- बायोमेट्रिक मिलान
- फेस वेरिफिकेशन
- AI आधारित निगरानी
- सोशल मीडिया मॉनिटरिंग
- कंट्रोल रूम से लाइव मॉनिटरिंग
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्रों पर कैसी थी सुरक्षा व्यवस्था
सोशल मीडिया पर भी रही कड़ी नजर
पिछले कुछ वर्षों में कई बार देखा गया है कि परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया पर फर्जी प्रश्नपत्र और अफवाहें वायरल हो जाती हैं। यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड ने इस बार इसके लिए अलग रणनीति बनाई। व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया। शिकायत मिलते ही जांच शुरू की गई। यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर भ्रामक वीडियो पोस्ट करने वाले कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। यूट्यूब चैनल चलाने वालों से लेकर इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर्स तक पर कार्रवाई की गई। यह संदेश साफ था कि परीक्षा को लेकर अफवाह फैलाना भी अपराध माना जाएगा।
तकनीक बनी सबसे बड़ा हथियार
इस भर्ती परीक्षा की सबसे बड़ी सफलता तकनीक का व्यापक इस्तेमाल रहा। पहले जहां दस्तावेजों की मैनुअल जांच होती थी, वहीं अब ई-केवाईसी और बायोमेट्रिक सत्यापन ने फर्जी अभ्यर्थियों की पहचान आसान कर दी। AI आधारित निगरानी और लाइव मॉनिटरिंग से संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत नजर रखी गई। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग ने अफवाहों को फैलने से पहले ही रोकने का काम किया।
जीरो टॉलरेंस नीति का असर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार कहते रहे हैं कि भर्ती परीक्षाओं में धांधली करने वालों के लिए उत्तर प्रदेश में कोई जगह नहीं है। पिछले वर्ष पेपर लीक मामले में सैकड़ों गिरफ्तारियां हुई थीं। आरोपियों की संपत्तियों पर बुलडोजर की कार्रवाई भी की गई। इसी वजह से इस बार नकल माफिया और सॉल्वर गैंग पहले से ही दबाव में थे। योगी सरकार की "जीरो टॉलरेंस" नीति का असर परीक्षा केंद्रों पर साफ दिखाई दिया। प्रशासन को स्पष्ट निर्देश थे कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
युवाओं का भरोसा लौटाने की चुनौती
आज देश के करोड़ों युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। ऐसे में किसी भी परीक्षा में गड़बड़ी केवल एक परीक्षा नहीं बल्कि लाखों परिवारों के सपनों को प्रभावित करती है। यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा का सफल आयोजन इस बात का उदाहरण माना जा रहा है कि यदि राजनीतिक इच्छाशक्ति मजबूत हो, तकनीक का सही उपयोग हो और प्रशासनिक मशीनरी पूरी ईमानदारी से काम करे तो बड़ी से बड़ी परीक्षा भी पारदर्शी तरीके से कराई जा सकती है।
