क्राइम

बिहार में दो अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरफ्तार, बड़ी संख्या में कारतूस बरामद

बिहार में गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ की विशेष टीम और जिला पुलिस ने छापेमारी कर अनुग्रह नारायण रोड रेलवे स्टेशन से अवैध हथियार के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया।

Image

बिहार में हथियार तस्कर गिरफ्तार (फोटो- @BiharHomeDept)

बिहार के औरंगाबाद जिले के जमहोर थाना क्षेत्र में मंगलवार को विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की टीम और औरंगाबाद पुलिस ने छापेमारी कर दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके पास से बड़ी संख्या में कारतूस और एक गन हाउस की फर्जी मुहर बरामद की गई।

मिली थी गुप्त सूचना

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ की विशेष टीम और जिला पुलिस ने छापेमारी कर अनुग्रह नारायण रोड रेलवे स्टेशन से अवैध हथियार के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया। आरोप‍ियों की पहचान ओबरा थाना के गोरतारा गांव निवासी सालिक कुमार सिंह और चेचाढी गांव निवासी उत्तम कुमार के रूप में की गई है। इनके पास से 12 बोर के 260 कारतूस, .32 बोर के 500 कारतूस और 315 बोर के 60 कारतूस सहित कुल 820 कारतूस बरामद किए गए।

यूपी से खरीदे गए थे कारतूस

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लोगों से पास से 7,350 रुपये नकद, गन हाउस की फर्जी मुहर और आधार कार्ड भी बरामद किया गया है। बताया गया कि आरोप‍ियों के द्वारा फर्जी मुहर बनाकर लाइसेंसी आर्म्स दुकान ओंमकार गन हाउस प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) से कारतूस खरीदा गया था। इस संबंध में कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोप‍ियों ने बताया कि इन कारतूसों की आपूर्ति वे अपराधियों को करने वाले थे। इस संबंध में उनसे पूछताछ की जा रही है। आरोपी उत्तम कुमार के विरुद्ध औरंगाबाद जिला के ओबरा थाना में पूर्व से ही आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है।

IANS रिपोर्ट

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article