Mansoon 2026 Rain : देश के अलग-अलग हिस्सों में मॉनसून का मिजाज अलग-अलग है। उत्तर भारत में बारिश के थमने से उमस और गर्मी से बेहाल कर रही है। इसके उलट उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, लेह और जम्मू-कश्मीर की पहाड़ियों से लेकर मैदानी इलाकों तक अंधड़ के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान बाढ़ और लैंडस्लाइड की चेतावनी है। आईएमडी ने बंगाल की खाड़ी तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उधर पूरे दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर भारत के हिस्सों पर भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित है। मौसम की इस अनिश्चितता ने न केवल फसलों को प्रभावित किया है, बल्कि आने वाले रथ यात्रा और तीर्थयात्राओं के लिए भी चुनौतियां खड़ी कर दी है।
यूपी में कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बुधवार को उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल रहे। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। इसने कहा कि सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक लखनऊ में बारिश नहीं हुई। इस दौरान हवा में नमी का स्तर 62 से 78 प्रतिशत के बीच रहा, जिसके कारण लोग उमस भरी गर्मी से बेहाल रहे।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में गर्मी और उमस का असर बना रह सकता है। साथ ही, कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। इसने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान प्रयागराज और झांसी राज्य के सबसे गर्म स्थान रहे। दोनों शहरों में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 5.6 और 5.7 डिग्री अधिक था। मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार बांदा में अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस, फतेहगढ़ में 38.2 डिग्री सेल्सियस और मुरादाबाद में 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे के दौरान चुर्क में 5.6 मिलीमीटर, आगरा (ताज) में 6.2 मिलीमीटर और बाराबंकी में एक मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में बुधवार तड़के हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन इससे मिली राहत बेहद कम समय तक रही और उमस भरी गर्मी लौट आई। हालांकि, आईएमडी ने ’येलो अलर्ट’ जारी किया था। लेकिन दिनभर बादलों की ओर लोग तकते रह गए। अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे लोगों को गर्मी ने परेशान किया। मौसम विभाग के बृहस्पतिवार के लिए ’येलो अलर्ट’ जारी किया गया है क्योंकि दिल्ली के कुछ हिस्सों में अत्यधिक गर्म और उमस रहने का अनुमान है।
झारखंड में सूखे की आहट
अल नीनो के प्रभाव और मानसून की बेरुखी के कारण झारखंड में जून-जुलाई के दौरान सामान्य से 42 से 54 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है। इस कमी का सीधा असर खरीफ फसलों और विशेष रूप से धान की रोपनी पर पड़ा है। कृषि संकट को देखते हुए राज्य सरकार ने 'मिलेट मिशन' और वैकल्पिक कृषि योजना पर काम तेज कर दिया है। हालांकि, राज्य सरकार ने किसानों को कम पानी वाली फसलों जैसे मड़ुआ, उड़द, मूंग, अरहर और सोयाबीन की खेती करने के लिए प्रोत्साहित करना शुरू किया है। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री सूखा राहत योजना और झारखंड राज्य फसल राहत योजना के तहत प्रभावित प्रखंडों के किसानों को आर्थिक मदद पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
राजस्थान में कमजोर मॉनसून
राजस्थान में दक्षिण पश्चिम मानसून का असर कमजोर होने के बीच राज्य में कई जगह आने वाले दिनों में हल्की बारिश होने का अनुमान है। आगामी कुछ दिनों में राज्य में कहीं कहीं हल्की बारिश होने की पूरी संभावना है। इस दौरान पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकतर भागों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज धूलभरी हवाएं चल सकती हैं। बुधवार सुबह तक बीते चौबीस घंटे के दौरान राज्य के पूर्वी भाग में कहीं कहीं हल्की बारिश हुई। राज्य के पश्चिमी भाग में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। इस अवधि में सबसे अधिक 18.0 मिलीमीटर बारिश अलवर में दर्ज की गई। सर्वाधिक 40.1 डिग्री सेल्सियस तापमान गंगानगर में और न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस सिरोही में दर्ज किया गया।
उत्तराखंड में भारी बारिश
पहाड़ी राज्य में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन की चेतावनियों के बावजूद चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कोई कमी नहीं आई है। मौजूदा यात्रा सीजन में केदारनाथ धाम में 14 लाख से अधिक श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर चुके हैं, जबकि बद्रीनाथ धाम में रोजाना 6,000 से ज्यादा तीर्थयात्री दर्शन कर रहे हैं। आईएमडी ने चमोली, रुद्रप्रयाग और पौड़ी गढ़वाल जैसे पहाड़ी इलाकों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। जिला मजिस्ट्रेट विशाल मिश्रा ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नदियों और झरनों के पास जाने से बचें और मौसम के पूर्वानुमान पर पूरी नजर रखें।
पश्चिम बंगाल में रथ यात्रा पर बारिश का साया
मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक कोलकाता और दक्षिण बंगाल के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताया है। गुरुवार को होने वाली जगन्नाथ रथ यात्रा के कार्यक्रमों पर खराब मौसम का असर पड़ने की आशंका है। दक्षिण 24 परगना और पूर्वी मिदनापुर के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट है। दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी के बाद सतर्कता बरती जा रही है।
उत्तर भारत में उमस का सितम
दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादलों की मौजूदगी के बावजूद बारिश न होने से उमस और गर्मी बढ़ गई है। वहीं, राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में मानसून के कमजोर पड़ने से धूलभरी हवाएं चलने का अनुमान है। गंगानगर में तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में बड़ा अलर्ट
स्काईमेट ने पूर्वोत्तर के राज्यों में तूफानी हवाओं और भारी वर्षा के साथ अलर्ट जारी किया है। नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण निचली बस्तियों के लिए खतरा बना हुआ है। वहीं, दक्षिण भारत में पश्चिमी घाट से लेकर महाराष्ट्र और गुजरात तक तेज मौसमी गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है।
