क्राइम

Telangana: घर में मृत मिला पत्नी, बच्चों सहित 6 लोगों की हत्या करने वाला आरोपी, पुलिस को सुसाइड का शक

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सोमवार को कोथुर पुलिस थाना इलाके में शव देखे जाने के बाद कुछ निवासियों ने पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन कर यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा, 'मौके पर पहुंची पुलिस टीम को उसका शव मिला। शव के नजदीक कीटनाशक की एक बोतल मिली है।'

Image

पुलिस को सुसाइड का शक। तस्वीर-प्रतीकात्मक

Photo : PTI

Ranga Reddy murder : तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में छह लोगों की कथित तौर पर हत्या करने के मामले में वांछित 35 वर्षीय युवक सोमवार को मृत पाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर उसके द्वारा आत्महत्या किये जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने बताया कि पॉक्सो अधिनियम के तहत दर्ज प्राथमिकी में नामजद किसान पी. राजकुमार ने 10 जुलाई की रात कथित तौर पर छह लोगों की हत्या कर दी थी। मृतकों में एक नाबालिग लड़की, उस परिवार के दो सदस्य जिन्होंने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, और साथ ही उसकी अपनी पत्नी और दो बच्चे शामिल थे।

आरोपी के मुंह से झाग निकल रहा था

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सोमवार को कोथुर पुलिस थाना इलाके में शव देखे जाने के बाद कुछ निवासियों ने पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन कर यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा, 'मौके पर पहुंची पुलिस टीम को उसका शव मिला। शव के नजदीक कीटनाशक की एक बोतल मिली है। हमें आशंका है कि उसने कीटनाशक पी लिया था क्योंकि उसके मुंह से झाग निकल रहा था।’ अधिकारी ने बताया कि पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और उसके परिवार वालों को सूचित किया। पुलिस ने मृतक की पहचान राजकुमार के रूप में की।

छह लोगों की गला रेतकर हत्या की

उन्होंने बताया कि नाबालिग लड़की के परिवार की तहरीर पर, इस साल मई में राजकुमार के खिलाफ लड़की का पीछा करने और उसे परेशान करने के लिए यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो)अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोपी ने छह लोगों की चाकू से हमला करके और गला रेतकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने बताया कि हत्याओं को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपने पिता को फोन किया और अपराध कबूल करते हुए कहा कि वह अपनी भी जान देने जा रहा है, और फिर अपना फोन बंद कर लिया।

मौके से फरार हो गया था आरोपी

अधिकारी ने बताया कि आरोपी के पिता ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि राजकुमार मौके से फरार हो गया था और तेलंगाना पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए 12 टीम गठित की थीं और बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया था।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article