शहर

शिमला बस हादसा: गहरी खाई में गिरी HRTC बस, कंडक्टर समेत दो की मौत; 22 यात्री गंभीर रूप से घायल

Shimla Bus Accident: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है, जहां हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में बस के कंडक्टर समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 अन्य यात्री घायल हुए हैं।

Image

शिमला बस हादसा

Photo : ANI

Shimla Bus Accident: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। बुधवार की शाम को हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक यात्री बस गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार 22 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मुस्तैदी से तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा शाम करीब साढ़े छह बजे खोलीघाट-रामपुर मार्ग पर गारटोलू गांव के पास हुआ। यह बस रामपुर बुशहर की तरफ जा रही थी, तभी अचानक चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया और बस सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त बस (Himachal Road Accident) में चालक और परिचालक समेत कुल 24 लोग सवार थे। बस के गिरते ही चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और जिला प्रशासन को इसकी सूचना दी।

पुलिस और बचाव दल मदद को मौके पर पहुंची

हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और राहत दल की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला। इस हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों की पहचान 57 वर्षीय बस परिचालक जय प्रकाश नेगी (निवासी घड़ोली, ननखड़ी) और 72 वर्षीय बुजुर्ग धाकू राम (निवासी शाहडू) के रूप में हुई है।

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

सभी घायल यात्रियों को इलाज के लिए तुरंत रामपुर स्थित महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख कर रही है। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शिमला के उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और पीड़ितों व घायलों के परिवारों को हरसंभव वित्तीय और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article