स्पोर्ट्स

FIH हॉकी विश्व कप 2026: तैयारियों अंतिम रूप देने के लिए भारतीय टीमें कस रही हैं कमर,एक महीने से भी कम बचा है वक्त

बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले एफआईएच विश्व कप में अब एक महीने से भी कम समय रह गया है। भारतीय पुरुष और महिला टीमें इसके लिए बेंगलुरू में अपनी कमर कसने में जुटी हैं।

Image

भारतीय पुरुष हॉकी टीम (फोटो क्रेडिट Hockey India )

बेंगलुरू: बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले एफआईएच विश्व कप में अब एक महीने से भी कम समय रह गया है लिहाजा भारतीय पुरुषऔर महिला हॉकी टीमें यहां भारतीय खेल प्राधिकरण केंद्र पर चल रहे राष्ट्रीय शिविर में तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं । बेल्जियम और नीदरलैंड में 15 से 30 अगस्त के बीच टूर्नामेंट खेला जायेगा और पहली बार महिला और पुरुष विश्व कप एक साथ,एक जगह पर होगा।

भारतीय पुरुष टीम ने एफआईएच प्रो लीग के नीदरलैंड और लंदन चरण में अच्छा प्रदर्शन किया जिसमें उसने विश्व चैम्पियन जर्मनी और पेरिस ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीदरलैंड के अलावा चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराया। पुरुष टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने कहा,'प्रो लीग के बाद ब्रेक लेकर खिलाड़ी तरोताजा होकर शिविर में आये हैं और वह ऊर्जा दिख रही है । तैयारी बहुत अच्छी चल रही है । पहले कुछ दिन खुद को ढालने में लगे और अब धीरे धीरे तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।'

अब तक सिर्फ एक बार 1975 में विश्व कप जीत सकी भारतीय पुरुष टीम को पूल डी में इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स के साथ रखा गया है। भारत को वेल्स के खिलाफ 15 अगस्त को खेलना है जबकि इंग्लैंड से 17 अगस्त और पाकिस्तान से 19 अगस्त को सामना होगा। शानदार फॉर्म में चल रही इंग्लैंड टीम से भारत को कड़ी चुनौती मिल सकती है। एफआईएच प्रो लीग में दोनों टीमों के मुकाबले करीबी रहे थे जबकि पाकिस्तान से टक्कर हमेशा सुर्खियों में रहती है। फुल्टन ने कहा,'हम पहले अनुकूलन पर काम करेंगे जिसके बाद तकनीक और ईकाई आधारित सत्रों पर फोकस होगा। हम थकान में भी फैसले लेने की क्षमता को तेज रखने पर भी काम कर रहे हैं। इसके साथ ही हमलों और जवाबी हमलों पर खास काम करने के लिए रोज वीडियो रिव्यू भी कर रहे हैं।'

वहीं महिला हॉकी टीम एफआईएच नेशंस कप में खिताबी जीत के बाद आत्मविश्वास के साथ विश्व कप खेलने जायेगी। महिला टीम को पूल डी में रखा गया है जिसमें उसका सामना 16 अगस्त को चीन से होगा जो प्रबल दावेदारों में से है। इसके बाद 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका और 20 अगस्त को इंग्लैंड से खेलना है। महिला टीम के मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने कहा,'विश्व कप और एशियाई खेलों को लेकर टीम आत्मविश्वास से भरी है । खिलाड़ी रोमांचित हैं और अभ्यास सत्रों में वह ऊर्जा दिखती है । सभी मेहनत कर रहे हैं और लगातार बेहतर प्रदर्शन की ललक है।'

उन्होंने कहा,'हमारा फोकस खुद पर है। हम उन पहलुओं में सुधार करना जारी रखना चाहते हैं जिन पर हम पिछले कुछ महीनों से काम कर रहे हैं। हमारे पास उच्च, मध्यम और निम्न तीव्रता सत्रों का अच्छा संतुलन है क्योंकि आप हर दिन अधिकतम तीव्रता पर ट्रेनिंग नहीं कर सकते। हमारे ताकत और अनुकूलन कोच हर खिलाड़ी पर करीब से नजर रखते हैं ताकि यह पक्का हो सके कि टीम तैयार है। मैं देख सकता हूं कि हम अकेले और टीम के तौर पर कितनी प्रगति कर रहे हैं, और इससे मुझे बहुत आत्मविश्वास मिलता है।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article