क्राइम

एक ही दिन में दो मौतों से दहला गुरुग्राम; प्रेमिका का मिला पीजी में शव, तो इंजीनियर ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

गुरुग्राम में एक दिल दहला देने वाली घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। एक निजी कंपनी में कार्यरत युवा इंजीनियर पर अपनी प्रेमिका की हत्या करने का आरोप है, जिसके बाद उसने कथित तौर पर ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान भी दे दी। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और घटना के पीछे की वजह पता लगाने में जुटी है।

Image

गुरुग्राम में मची सनसनी

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Gurugram Murder: हरियाणा की मिलेनियम सिटी गुरुग्राम से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक इंजीनियर ने अपनी प्रेमिका की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी और उसके बाद एक ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि मृतकों की पहचान छत्तीसगढ़ के भिलाई निवासी श्रेष्ठ मलिक (25) और उसकी प्रेमिका इशारा अयूबी (25) के रूप में हुई है। अयूबी उत्तर प्रदेश के सीतापुर की रहने वाली थी। दोनों गुरुग्राम की एक ही निजी कंपनी में काम करते थे। मलिक सेक्टर-55 स्थित एक पीजी (पेइंग गेस्ट) आवास में रहता था।

पुलिस ने इस तरह की लोकेशन ट्रैक

यह घटना तब सामने आई जब अयूबी के परिवार वालों ने उससे संपर्क न हो पाने पर शनिवार को सेक्टर-56 थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर एक्शन लेते हुए पुलिस ने अयूबी के मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रैक की, जो सेक्टर-55 में मलिक के पीजी की मिली। पड़ोसियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया। कमरे के अंदर अयूबी का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था और चारों तरफ खून बिखरा हुआ था। प्रारंभिक जांच से संकेत मिला है कि उसकी चाकू मारकर हत्या की गई थी।

रेलवे स्टेशन से व्यक्ति का शव बरामद

फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत जुटाए। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने गढ़ी रेलवे स्टेशन के पास पटरियों से पहले ही एक व्यक्ति का शव बरामद किया है। ट्रेन की चपेट में आने से उसका शव दो टुकड़ों में कट गया था। पुलिस ने बताया कि मृतक के पास से बरामद मोबाइल फोन से उसकी पहचान श्रेष्ठ मलिक के रूप में हुई, जिससे दोनों मामले आपस में जुड़ गए।

प्रारंभिक जांच में क्या सामने आया?

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अयूबी घटना से तीन दिन पहले ही मलिक के साथ पीजी में रहने आई थी। सेक्टर-56 के थाना प्रभारी (एसएचओ) निरीक्षक मनोज कुमार ने कहा, "हम मामले के हर पहलू की जांच कर रहे हैं। दोनों व्यक्तियों के बीच संबंधों की और इस घटना के पीछे के कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगा।" उन्होंने कहा, "पुलिस उनके मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, चैट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है।"

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article