शहर

सुबह-सुबह दो राज्यों में कांपी धरती, मणिपुर में 3.9 और जम्मू-कश्मीर में 3.6 तीव्रता का आया भूकंप

सोमवार तड़के मणिपुर के कामजोंग और जम्मू-कश्मीर के बारामूला में भूकंप के झटके महसूस किए गए। लेकिन किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Earthquakes News: देश के दो राज्यों जम्मू-कश्मीर और मणिपुर में सोमवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, मणिपुर के कामजोंग जिले में 3.9 तीव्रता का भूकंप आया। वहीं जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में 3.6 तीव्रता का झटका दर्ज किया गया। फिलहाल दोनों घटनाओं में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

मणिपुर के कामजोंग में 3.9 तीव्रता का भूकंप

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, मणिपुर के कामजोंग जिले में सोमवार तड़के 6:32 बजे भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.9 मापी गई। भूकंप का केंद्र जमीन से 80 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया। इसका केंद्र इम्फाल से करीब 31 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व (ESE) दिशा में स्थित था। हालांकि भूकंप के झटके महसूस होने के बावजूद किसी भी तरह की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना अब तक नहीं मिली है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

बारामूला में रात 2 बजे महसूस हुए झटके

मणिपुर से पहले जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में भी भूकंप से धरती डोली। यहां सोमवार तड़के 2 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। NCS के अनुसार, इसकी तीव्रता 3.6 रही और भूकंप का केंद्र 10 किलोमीटर की गहराई में था। प्रशासन के मुताबिक, इस भूकंप से भी किसी तरह के नुकसान या हताहत होने की सूचना नहीं है।

बारामूला में पहले भी आ चुके हैं झटके

बता दें कि इसी साल फरवरी में भी बारामूला जिले में भूकंप आया था। जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.6 दर्ज हुई थी। उस समय पट्टन क्षेत्र इसका केंद्र था। हालांकि उस दौरान भी किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली थी। फिलहाल दोनों राज्यों में स्थिति सामान्य है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article