टीकमगढ़: स्कूल में 6 साल की बच्ची के साथ गंदा काम, थाने के बाहर ग्रामीणों का हंगामा; कहा- आरोपी का घर गिराओ
- Edited by: शिशुपाल कुमार
- Updated Jan 30, 2026, 10:53 AM IST
टीकमगढ़ के पलेरा थाने इलाके में एक सरकारी स्कूल के टीचर ने 6 साल की बच्ची के साथ क्लासरूम में ही दुष्कर्म करने का प्रयास किया, जिसके बाद गुस्साए ग्रामीण थाने के बाहर प्रदर्शन करने पहुंच गए। पुलिस ने आरोप को गिरफ्तार कर लिया है।
टीकमगढ़ में 6 साल की मासूम से दुष्कर्म का प्रयास (प्रतीकात्मक फोटो- Canva)
मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ में एक टीचर ने ही 6 साल की मासूम के साथ रेप की कोशिश की है। इस घटना के बाद लड़की जब घर पहुंची तब उसने परिवारवालों को ये जानकारी दी। जिसके बाद ग्रामीण उग्र हो गए और थाने का घेराव कर लिया। मामले में आरोपी टीचर को गिरफ्तार कर लिया है।
पलेरा थाना का है मामला
टीकमगढ़ जिले में एक सरकारी स्कूल के सहायक शिक्षक पर 6 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगा है। यह मामला पलेरा थाना क्षेत्र का है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस के अनुसार, कक्षा 1 में पढ़ने वाली 6 साल की छात्रा गुरुवार को स्कूल गई थी। आरोप है कि स्कूल के सहायक शिक्षक कासिम खान (58) छात्रा को एक क्लासरूम में ले गया, जहां उसके साथ गलत हरकत की गई। स्कूल से लौटने के बाद छात्रा ने घटना की जानकारी अपनी दादी को दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज
पलेरा थाना प्रभारी मनोज सोनी ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। इधर, जिला शिक्षा अधिकारी हनुमत सिंह चौहान ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है। उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, कलेक्टर के निर्देश पर आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है।
गुस्साए ग्रामीणों ने थाने को घेरा
घटना के सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचे और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी का घर गिराने और उसकी जमीन को शासकीय घोषित करने की मांग भी उठाई। स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है।