स्पोर्ट्स

विवान कपूर ने ट्रैप स्पर्धा में जीता रजत, भारत को दिलाया 2028 ओलंपिक के लिए कोटा

भारतीय निशानेबाज विवान कपूर दोहा में चल रही आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में पुरुष ट्रैप स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतने से चूक गए बावजूद इसके उन्होंने भारत के लिए लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए कोच

Image

विवान कपूर

दोहा: भारत के विवान कपूर गुरुवार को आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में पुरुष ट्रैप स्पर्धा में शीर्ष स्थान हासिल करने से बेहद करीब से चूक गए और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। इस उपलब्धि से उन्होंने हालांकि 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए भारत का एक कोटा भी पक्का कर दिया।जयपुर के 24 वर्षीय निशानेबाज विवान शानदार फॉर्म में थे और ऐसा लग रहा था कि वह पुरुष ट्रैप में विश्व खिताब जीतने वाले दूसरे भारतीय बन जाएंगे। उनसे पहले मानवजीत सिंह संधू ने 2006 में क्रोएशिया के जगरेब में आयोजित विश्व चैंपियनशिप में यह उपलब्धि हासिल की थी।

कुवैत के अब्दुलरहमान अलफैहान ने जीता स्वर्ण पदक

हालांकि शूट-ऑफ में विवान एक क्ले बर्ड पर निशाना लगाने से चूक गए और कुवैत के अब्दुलरहमान अलफैहान ने स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। निर्धारित मुकाबले में दोनों निशानेबाजों ने 30 में से 29 अंक हासिल किए थे जिसके बाद विजेता का फैसला शूट-ऑफ से हुआ। इस रजत पदक के साथ विवान अत्यंत प्रतिस्पर्धी पुरुष ट्रैप स्पर्धा में विश्व चैंपियनशिप पदक जीतने वाले चौथे भारतीय बन गए। उनसे पहले दिग्गज निशानेबाज कर्णी सिंह (रजत), मानवजीत सिंह संधू और जोरावर सिंह संधू यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।

ओलंपिक कोटा हासिल करने वाले तीसरे भारतीय

विवान लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक के लिए कोटा स्थान हासिल करने वाले तीसरे भारतीय निशानेबाज भी बन गए। उनसे पहले पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में जयपाल मालवीय और पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में कांस्य पदक जीतने वाले नीरज कुमार भारत के लिए ओलंपिक कोटा हासिल कर चुके हैं।

ऐसा रहा है विवान का निशानेबाजी करियर

राजस्थान के जयपुर से ताल्लुक रखने वाले विवान ट्रैप शूटिंग स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने 2014 में निशानेबाजी शुरू की और 2018 में सिडनी में आयोजित ISSF जूनियर वर्ल्ड कप में व्यक्तिगत और टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। 2019 में एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में उन्होंने जूनियर वर्ग में तीन स्वर्ण पदक जीते। 2022 में नेशनल गेम्स और राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में पुरुष ट्रैप का खिताब अपने नाम किया। अक्टूबर 2024 में दिल्ली में आयोजित ISSF वर्ल्ड कप फाइनल में पुरुष ट्रैप स्पर्धा का रजत पदक जीतकर उन्होंने सीनियर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना पहला बड़ा व्यक्तिगत पदक हासिल किया। मई 2026 में उन्होंने नीरू ढांडा के साथ अलमाटी ISSF वर्ल्ड कप में ट्रैप मिक्स्ड टीम का कांस्य पदक भी जीता।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article