SC Rejects Vijay Shah Apology: ऑपरेशन सिंदूर मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर आपत्तिजनक बयान के चलते विवाद में फंसे मध्यप्रदेश के मंत्री विजय शाह की माफी को सुप्रीम कोर्ट ने एक बार फिर स्वीकार करने से इंकार कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अब बहुत देर हो चुकी है। हमने पहले भी देखा था कि आपने कैसी माफी मांगी थी।
यहां कोर्ट का इशारा शाह की ओर से इससे पहले मांगी गई माफी से था। उसे कोर्ट ने यह कहते हुए खारिज करते हुए कहा था कि यह क़ानूनी झमेले से बचने के लिए सिर्फ 'मगरमच्छ के आंसू' हैं।
इस मामले की जांच के लिए कोर्ट की गठित SIT ने बताया कि उसने जांच पूरी कर फाइनल रिपोर्ट कोर्ट में जमा कर दी है और इस मामले में मुकदमा चलाने के लिए राज्य सरकार की मंजूरी का इतंजार कर रही है। कोर्ट ने मध्यप्रदेश सरकार से कहा है कि वो मुकदमा चलाने के लिए अपनी मंजूरी देने पर दो हफ्ते में फैसला ले।
क्या है मामला
एक वीडियो वायरल होने के बाद शाह विवादों में घिर गए थे, जिसमें उन्हें कथित तौर पर कर्नल कुरैशी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए दिखाया गया था। कर्नल कुरैशी ने एक अन्य महिला अधिकारी, विंग कमांडर व्योमिका सिंह के साथ मिलकर ऑपरेशन सिंदूर के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्धि हासिल की थी।
मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने कर्नल कुरैशी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने और गंदी भाषा का प्रयोग करने के लिए शाह को फटकार लगाई और पुलिस को उनके खिलाफ शत्रुता और नफरत फैलाने के आरोप में एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था। कड़ी आलोचना के बाद मध्य प्रदेश के मंत्री ने खेद व्यक्त किया और कहा था कि वे कर्नल कुरैशी का अपनी बहन से भी अधिक सम्मान करते हैं।
