क्राइम

कहां है मिंकी का कटा हुआ सिर? प्रेमी ने ही रचा था खूनी खेल, भाई की शादी से पहले बहन की उठी अर्थी

आगरा के जवाहर पुल पर बोरे में मिली सिर कटी लाश की पहचान 25 वर्षीय मिंकी शर्मा के रूप में हुई, जो संजय प्लेस की एक निजी कंपनी में एचआर मैनेजर थीं। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए उसी कंपनी के कंप्यूटर ऑपरेटर और मिंकी के प्रेमी विनय राजपूत को गिरफ्तार किया।

agra murder.

आगरा में प्रेमी ने ही किया HR मैनेजर की हत्या

उत्तर प्रदेश के आगरा में एत्माद्दौला थाना क्षेत्र स्थित जवाहर पुल पर 23 जनवरी की रात करीब एक बजे बोरे में मिली सिर कटी लाश की पहचान पार्वती विहार, टेढ़ी बगिया निवासी 25 वर्षीय मिंकी शर्मा के रूप में हुई। मिंकी संजय प्लेस के मारुति प्लाजा की छठवीं मंजिल पर स्थित एक निजी कंपनी में एचआर मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। घटना के 24 घंटे के भीतर ही पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा कर दिया।

किसने की आगरा की मिंकी की हत्या?

पुलिस जांच में सामने आया कि मिंकी की हत्या उसी कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर के तौर पर काम करने वाले ट्रांस यमुना कॉलोनी निवासी विनय राजपूत ने की थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन पिछले करीब छह महीने से मिंकी किसी और से भी बातचीत करने लगी थी। यह बात विनय को नागवार गुजर रही थी। इसी को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगा था।

मिलने के बहाने मिंकी को बुलाया

घटना वाले दिन विनय ने मिलने के बहाने मिंकी को ऑफिस बुलाया। वहां किसी बात पर कहासुनी बढ़ गई और गुस्से में आकर विनय ने चाकू से मिंकी पर एक के बाद एक आठ से ज्यादा वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। पहले शव को पॉलीथीन में रखा, फिर चाकू से सिर धड़ से अलग कर दिया और प्लास्टिक के बोरे में भरकर टेप से पैक कर दिया। सिर को उसने अलग से अपने बैग में रख लिया।

पुल पर सिरकटी लाश छोड़कर भागा हत्यारा

रात में वह मिंकी की ही स्कूटी से शव लेकर जवाहर पुल पहुंचा और यमुना में फेंकने की कोशिश की, लेकिन बोरा भारी होने के कारण वह उसे उठा नहीं सका। इसी दौरान लोगों के आने की आहट पर वह बोरे को पुल पर ही छोड़कर भाग गया। बाद में उसने झरना नाला में मिंकी का सिर, कपड़े, मोबाइल और बैग फेंक दिए और स्कूटी को भी वहीं छोड़ दिया।

कार्ड देने के बहाने घर से निकली थी मिंकी

मिंकी के पिता अशोक शर्मा एक कोल्ड स्टोरेज में काम करते हैं। उनकी तीन बेटियां थीं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है। मिंकी सबसे छोटी थी। उसका छोटा भाई दीपक निजी नौकरी करता है और उसकी शादी 6 फरवरी को तय है। मिंकी होटल मैनेजमेंट का कोर्स करने के बाद संजय प्लेस की कंपनी में एचआर के तौर पर कार्यरत थी। 23 जनवरी को दोपहर करीब दो बजे मिंकी घर से यह कहकर निकली थी कि वह भाई की शादी का कार्ड कोरियर करने जा रही है। देर शाम तक घर न लौटने और फोन बंद मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात करीब दस बजे उन्होंने ट्रांस यमुना थाने में गुमशुदगी की सूचना दी।

रात में मिली पुलिस को सूचना

इसी बीच रात करीब एक बजे जवाहर पुल पर बोरा पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। बोरा खोलने पर सिर कटी लाश बरामद हुई। पुलिस ने पहचान के प्रयास शुरू किए और सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक युवक स्कूटी से बोरा लेकर पुल की ओर जाता दिखा। गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर देर रात शव की पहचान मिंकी शर्मा के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ऑफिस पहुंची, जहां सीसीटीवी फुटेज में विनय राजपूत शव से भरा बोरा खींचकर बाहर ले जाता नजर आया। एमजी रोड और हाईवे के कैमरों में भी वह मिंकी की स्कूटी पर दिखाई दिया, जिससे पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में मदद मिली। डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास के मुताबिक, दबिश देकर विनय राजपूत को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह मिंकी से प्यार करता था और दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन मिंकी के किसी और से संपर्क में आने के बाद उनके रिश्ते में तनाव बढ़ गया था। इसी तनाव और गुस्से में उसने यह खौफनाक वारदात अंजाम दी।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमार author

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय ... और देखें

End of Article