साइबर ठगी के एक पांच साल पुराने मामले में दिल्ली पुलिस की IFSO यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जामताड़ा के दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर फर्जी बैंक वेबसाइट तैयार करने और नकली कस्टमर केयर सेवाओं के जरिए लोगों को ठगने वाले नेटवर्क में अहम भूमिका निभाने का आरोप है। दोनों आरोपी 30 अक्टूबर 2026 को पटियाला हाउस कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे थे। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
यह मामला जुलाई 2021 का है। पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता बिश्वजीत पॉल को चेक से जुड़ी जानकारी चाहिए थी। इसके लिए उन्होंने गूगल पर कैनरा बैंक का कस्टमर केयर नंबर सर्च किया। सर्च के दौरान उन्हें एक नंबर मिला, जिसे उन्होंने बैंक का हेल्पलाइन नंबर समझकर कॉल कर दिया।
यह लिंक एक ऐसी फर्जी वेबसाइट का था
कॉल करने वाले शख्स ने उन्हें एक लिंक भेजा। यह लिंक एक ऐसी फर्जी वेबसाइट का था, जो देखने में बिल्कुल कैनरा बैंक की आधिकारिक वेबसाइट जैसी लगती थी। वेबसाइट पर बैंक का लोगो और मिलता-जुलता लेआउट इस्तेमाल किया गया था। कॉल करने वाले के कहने पर शिकायतकर्ता ने वेबसाइट पर अपने बैंक खाते की जानकारी भर दी। इसी दौरान उनके मोबाइल में एक एप्लीकेशन भी डाउनलोड हो गई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: गुजरात में कई बैंकों को बम से उड़ाने की मिली धमकी
इसके कुछ ही समय बाद उनके बैंक खाते से 27.10 लाख रुपये निकाल लिए गए। ठगी की रकम को आठ अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया था।
गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर डालकर करते थे ठगी
जांच में सामने आया कि आरोपी एक संगठित साइबर ठगी नेटवर्क का हिस्सा थे। यह गिरोह बड़े बैंकों के नाम से मिलती-जुलती फर्जी वेबसाइट तैयार करता था। इसके बाद गूगल पर विज्ञापन देकर फर्जी कस्टमर केयर नंबर लोगों तक पहुंचाए जाते थे।जब कोई ग्राहक बैंक से जुड़ी परेशानी के लिए इन नंबरों पर कॉल करता था तो उसे गिरोह के सदस्य अपने जाल में फंसा लेते थे। कई बार लोगों की कॉल दूसरे साथियों को भी ट्रांसफर कर दी जाती थी। इसके बदले पैसे लिए जाते थे। इसके बाद ग्राहकों को फर्जी लिंक भेजकर उनकी बैंकिंग जानकारी हासिल की जाती थी और खाते से पैसे निकाल लिए जाते थे। पुलिस जांच के मुताबिक, इस मामले में कैनरा बैंक जैसी दिखने वाली फर्जी वेबसाइट मोहम्मद अरशद अंसारी और मोहम्मद मेहरुद्दीन अंसारी ने तैयार की थी।
पहले आठ आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस इस मामले में पहले ही आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें ऐसे आरोपी शामिल थे, जो ठगी की रकम ट्रांसफर करने के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने और पैसे निकालने में मदद करते थे। मामले में दो आरोपियों बहारुद्दीन अंसारी और बसरुद्दीन अंसारी के खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है। बाकी छह आरोपी भी गिरफ्तार हुए थे और फिलहाल नियमित जमानत पर हैं। हालांकि, इस पूरे नेटवर्क के दो अहम आरोपी मोहम्मद मेहरुद्दीन अंसारी और मोहम्मद अरशद अंसारी लगातार फरार चल रहे थे। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए कई बार दबिश दी थी। कोर्ट की तरफ से दोनों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किए गए थे। आखिरकार दोनों ने पटियाला हाउस कोर्ट में सरेंडर किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद मेहरुद्दीन अंसारी की उम्र 30 साल है और वह जामताड़ा के बिराजपुर गांव का रहने वाला है। वहीं, 29 वर्षीय मोहम्मद अरशद अंसारी जामताड़ा के मटनर गांव का निवासी है। दोनों की पढ़ाई मैट्रिक तक हुई है।
पुलिस की लोगों से अपील
दिल्ली पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि बैंक का कस्टमर केयर नंबर हमेशा बैंक की आधिकारिक वेबसाइट या बैंक के दस्तावेजों से ही हासिल करें। गूगल पर दिखने वाले स्पॉन्सर्ड विज्ञापनों में दिए गए नंबरों पर आंख बंद करके भरोसा न करें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंक से जुड़ी जानकारी साझा न करें और न ही कोई एप्लीकेशन डाउनलोड करें।
