क्राइम

दिल्ली में बलात्कार पीड़ितों में से करीब 70 प्रतिशत 18-30 आयुवर्ग की: रिपोर्ट

  • Agency by: Agency
  • Updated Dec 8, 2023, 10:10 PM IST

Delhi Crime Record: अर्थशास्त्र और सांख्यिकी निदेशालय ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि 2021 में, दिल्ली में कुल 1,251 बलात्कार पीड़ितों में से, सबसे अधिक 905, 18-30 आयु वर्ग में थीं, उसके बाद 328, 30-45 आयु वर्ग की थीं।

Image

दिल्ली में रेप पीड़िताओं में ज्यादातर की उम्र 18 से 30 साल की

Photo : PTI

Delhi Crime Record: दिल्ली में 2021 में बलात्कार पीड़ित महिलाओं में सबसे अधिक संख्या 18-30 आयु वर्ग की थी, जो 72 प्रतिशत से अधिक है। राज्य सरकार की शुक्रवार को जारी एक रिपोर्ट में यह कहा गया।

दिल्ली में कुल कितने बलात्कार के मामले

अर्थशास्त्र और सांख्यिकी निदेशालय ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि 2021 में, दिल्ली में कुल 1,251 बलात्कार पीड़ितों में से, सबसे अधिक 905, 18-30 आयु वर्ग में थीं, उसके बाद 328, 30-45 आयु वर्ग की थीं। यह स्वरूप राष्ट्रीय स्तर पर भी दिखता है क्योंकि 20,065 बलात्कार पीड़िता 18 से 30 वर्ष तक की उम्र की हैं, इसके बाद 7,627 पीड़ित 30-45 आयु वर्ग की हैं।

देश में कुल कितने रेप के मामले

रिपोर्ट में कहा गया है कि 2021 में देशभर में कुल 31,878 बलात्कार पीड़िताएं थीं। रिपोर्ट से पता चला कि पिछले कुछ वर्षों में महिलाओं की तुलना में पुरुषों द्वारा आत्महत्या करने के अधिक मामले सामने आये। वर्ष 2021 में, दिल्ली में आत्महत्या करने वाले 2,840 लोगों में से 2,093 पुरुष और 746 महिलाएं थीं। वर्ष 2021 में, महिलाओं के खिलाफ अपराध के कुल 73,715 मामलों की सुनवाई हुई, जिनमें से 274 मामलों में दोषसिद्धि हुई और 355 बरी हुए।

दिल्ली की जनसंख्या

दिल्ली सरकार की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि राष्ट्रीय राजधानी की जनसंख्या 2036 तक बढ़कर 2.65 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है। ‘दिल्ली में महिलाएं और पुरुष-2023’ शीर्षक वाली रिपोर्ट के अनुसार, 2036 तक दिल्ली की जनसंख्या 2,65,91,000 - 1,25,89,000 महिलाएं और 1,40,02,000 पुरुष - होने का अनुमान लगाया गया है। अनुमान के मुताबिक, वर्ष 2036 में शहर की आबादी में महिलाएं 47.34 प्रतिशत होंगी, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह 48.78 प्रतिशत है।

End of Article