Tiger Shroff Attack: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई के जुहू में हुई फायरिंग के मामले में हरियाणा के सोनीपत जिले से एक और बड़ी गिरफ्तारी हुई है। मुंबई और गोहाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गोहाना के बरोदा गांव निवासी अंकित को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश करने के बाद तीन दिन के ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है।
अनिल पंडित के संपर्क में था आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अंकित लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित के सीधे संपर्क में था। उस पर अभिनेता पर हमले की साजिश रचने, घटना से पहले रेकी करने और आर्थिक लेन-देन में अहम भूमिका निभाने का गंभीर आरोप है। इसके अलावा, जांच एजेंसियों के हाथ कुछ ऐसे इनपुट भी लगे हैं जिनके आधार पर उसके नेपाल जाने और वहां शरण लेने की संभावनाओं की भी गहराई से जांच की जा रही है।
पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां
इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। बरोदा गांव से ही इससे पहले फूल सिंह और रेहान नामक आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। मुंबई पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस साजिश में और कौन-कौन से स्थानीय चेहरे शामिल थे तथा गिरोह का नेटवर्क किन-किन लोगों तक फैला हुआ था। पुलिस मामले में अन्य संदिग्धों की संलिप्तता की भी टटोल रही है।
दो महिला समेत चार लोग गिरफ्तार
इससे पहले दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने दो महिलाओं समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत जिले के रहने वाले कुणाल (21) और सुमित (19) तथा उत्तर प्रदेश निवासी राधा (23) और बबीता (23) के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ के मुताबिक kf कुणाल हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। हरसाना गांव के एक दोस्त ने उसका परिचय पानीपत के रहने वाले 32 वर्षीय गैंगस्टर और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के कथित सहयोगी अनिल पंडित से कराया था, जिसके इस समय अमेरिका में होने का संदेह है। पंडित के निर्देश पर कुणाल और उसके सहयोगी सुमित ने अमृतसर से एक पिस्तौल और 20 राउंड कारतूस हासिल किए। करीब दो महीने पहले कुणाल की मुलाकात राधा से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। उन्होंने बताया कि इसके बाद कुणाल ने अपनी गतिविधियों का खुलासा राधा के सामने किया और उसे हथियार लेकर मुंबई जाने के लिए मनाया।
