क्राइम

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने रन्होला हत्याकांड सुलझाने का किया दावा, मुख्य शूटर रेहान समेत दो आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली में 11 अक्टूबर 2026 को विकास नगर के बी-ब्लॉक स्थित प्रधान चौक के पास हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद मोनिश की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बाहरी दिल्ली के रन्होला थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड को सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य शूटर बताए जा रहे 21 वर्षीय रेहान और एक नाबालिग आरोपी को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 11 अक्टूबर 2026 को विकास नगर के बी-ब्लॉक स्थित प्रधान चौक के पास हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद मोनिश की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात को चार मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने अंजाम दिया था। हमलावरों ने पीछे से मोनिश को रोका और बेहद करीब से अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

दिनदहाड़े चार हमलावरों ने की थी हत्या

दिल्ली पुलिस के अनुसार, मृतक मोहम्मद मोनिश रन्होला थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ पहले भी स्नैचिंग, लूटपाट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और रंगदारी समेत दो दर्जन से अधिक मामलों में संलिप्तता और गिरफ्तारी का रिकॉर्ड था।

स्पेशल सेल ने रेहान और नाबालिग आरोपी को पकड़ा

इस हत्याकांड की जांच के दौरान दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की साउथ वेस्टर्न रेंज की टीम ने चार मोटरसाइकिल सवार हमलावरों की पहचान करने की दिशा में जांच की। पुलिस के मुताबिक, जांच में रेहान और एक नाबालिग आरोपी की भूमिका सामने आई।19 अक्टूबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि रेहान और नाबालिग आरोपी नजफगढ़ के दिचाऊं-बामनोली इलाके में अवैध हथियारों के साथ मौजूद हैं और किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं।सूचना के आधार पर स्पेशल सेल की टीम ने मौके के आसपास जाल बिछाया और दोनों को पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, नाबालिग आरोपी के पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए, जबकि रेहान के कब्जे से एक पिस्टल मिली।

जून में बॉबी की हत्या के बाद बढ़ी थी दुश्मनी

पुलिस के मुताबिक, रेहान से पूछताछ में मोनिश की हत्या के पीछे पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है।पूछताछ में कथित तौर पर पता चला कि जून 2026 में मोनिश ने बॉबी नाम के युवक की हत्या कर दी थी। बॉबी नाबालिग आरोपी का करीबी दोस्त था। इस घटना के बाद नाबालिग आरोपी के मन में मोनिश के प्रति दुश्मनी बढ़ गई थी।

इसके अलावा, सोशल मीडिया ऐप पर मोनिश के एक सहयोगी के साथ नाबालिग आरोपी का विवाद भी हुआ था। पुलिस के अनुसार, इस विवाद के बाद मोनिश और उसके साथियों ने नाबालिग आरोपी को पकड़कर बुरी तरह पीटा था।आरोप है कि इसके बाद मोनिश और उसके सहयोगी उसे जान से मारने की धमकियां भी देते रहे। इन घटनाओं से नाराज होकर नाबालिग आरोपी ने मोनिश से बदला लेने के लिए साथियों की तलाश शुरू कर दी।

जेल में बेइज्जती का बदला लेने के लिए रेहान भी हुआ शामिल

स्पेशल सेल के मुताबिक, मोनिश की हत्या की साजिश में रेहान भी शामिल हो गया था। पुलिस का कहना है कि रेहान की मोनिश से दुश्मनी जेल में हुई कथित मारपीट और बेइज्जती को लेकर थी।रेहान पहले भी निहाल विहार के एक मामले में जेलनज चुका है। पुलिस के अनुसार, जेल में मोनिश ने उसके साथ मारपीट की थी और उसे अपमानित किया था। इसी वजह से रेहान के मन में भी मोनिश के प्रति रंजिश थी।

पुलिस की पूछताछ के मुताबिक, नाबालिग आरोपी और रेहान के अलावा प्रीत, निवासी मोहन गार्डन, दिल्ली, तथा विक्रम, निवासी झुग्गी, विकासपुरी, दिल्ली, भी इस साजिश में शामिल हुए।

बताया गया है कि प्रीत और विक्रम की मोनिश से दुश्मनी की एक वजह उनके करीबी दिव्यांग दोस्त दीपक उर्फ लंगड़ा, निवासी बक्करवाला कॉलोनी, दिल्ली, के साथ मारपीट और बेइज्जती थी।पुलिस का आरोप है कि इन सभी ने आपसी रंजिश के चलते मिलकर मोनिश को खत्म करने की साजिश रची, वारदात की तैयारी की और फिर 11 अक्टूबर को उसे अंजाम दिया।

सातवीं कक्षा तक पढ़ा है आरोपी रेहान

स्पेशल सेल की ओर से जारी प्रेस नोट में रेहान की पृष्ठभूमि का भी उल्लेख किया गया है। पुलिस के अनुसार:-

- रेहान की उम्र 21 वर्ष है।

- वह दिल्ली के उत्तम नगर स्थित बी-ब्लॉक, शिव विहार का निवासी है।

- उसने सातवीं कक्षा तक पढ़ाई की है और इसके बाद स्कूल छोड़ दिया।

- उसके पिता रिक्शा चलाते हैं और मां गृहिणी हैं।

- उसके छह भाई और दो बहनें हैं।

- वह अविवाहित है।

- वह पहले भी निहाल विहार थाने में दर्ज लूट के एक मामले में गिरफ्तार हो चुका है।

स्पेशल सेल की टीम ने की कार्रवाई

इस मामले में कार्रवाई साउथ वेस्टर्न रेंज, स्पेशल सेल की टीम ने की। टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर संदीप यादव और इंस्पेक्टर नीरज कुमार ने किया। कार्रवाई एसीपी पुरन चंद्र पंत की निगरानी में की गई। टीम में एसआई विनीत पूनिया, एसआई संदीप दहिया, एएसआई कुलभूषण, हेड कांस्टेबल प्रिंगल, हेड कांस्टेबल अभिमन्यु, हेड कांस्टेबल नवीन शर्मा, हेड कांस्टेबल नवीन छिल्लर और कांस्टेबल राहुल शामिल थे।

जांच अभी जारी

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के मुताबिक, इस हत्याकांड में आगे की जांच जारी है। पुलिस आरोपियों की भूमिका, हत्या की साजिश और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

Anuj Mishra
अनुज मिश्राauthor

अनुज मिश्रा भारत के अग्रणी क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव पत्रकारों में से एक हैं। वह वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। पिछले करीब दो दशकों से अनुज मिश्रा ने अपराध, आंतरिक सुरक्षा और संगठित अपराध से जुड़े मामलों की गहन रिपोर्टिंग और संपादकीय नेतृत्व किया है। उन्होंने सीबीआई, ईडी, आयकर विभाग, एनआईए और खुफिया एजेंसियों से संबंधित बड़ी और संवेदनशील खबरों को नज़दीकी से कवर किया है। अनुज मिश्रा की सबसे बड़ी ताक़त उनकी ग्राउंड रिपोर्टिंग है। हर बड़ी और अहम खबर में वह ग्राउंड ज़ीरो पर मौजूद रहकर घटनाओं की प्रत्यक्ष कवरेज करते रहे हैं। यही कारण है कि उनकी रिपोर्टिंग में जमीनी सच्चाई और तथ्य हमेशा साफ़ झलकते हैं। टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ने से पहले अनुज मिश्रा देश के कई बड़े टेलीविज़न न्यूज़ चैनलों के साथ काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने अपनी पत्रकारिता और एडिटोरियल स्किल्स से अलग पहचान बनाई। अनुज ने न केवल देश-विदेश की बड़ी खबरों को जनता तक पहुँचाया है, बल्कि उत्तर प्रदेश की राजनीति और सत्ता गलियारों से जुड़े घटनाक्रमों पर भी पैनी नज़र रखी है। उनकी पत्रकारिता शैली तथ्यपरक, इन्वेस्टिगेटिव और जमीनी हकीकत पर आधारित मानी जाती है। उन्होंने आतंकवाद, संगठित अपराध, ड्रग्स सिंडिकेट, हाई-प्रोफाइल जांच और सियासी घटनाक्रमों पर कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स की हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें