क्राइम

नए घर में काम करने आए पेंटर से हुआ प्यार, पत्नी ने रची पति की हत्या की खौफनाक साजिश

शुरुआत में इस घटना को एक सामान्य हिट-एंड-रन सड़क दुर्घटना मानकर मामला दर्ज किया गया था, लेकिन पुलिस की गहरी छानबीन और तकनीकी साक्ष्यों ने इस राज से पर्दा उठा दिया कि यह एक सोची-समझी हत्या थी।

Image

पत्नी ने रची पति की खौफनाक हत्या की साजिश (AI Image)

Karnataka News: कर्नाटक के विजयपुरा से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने अपने नए मकान में पेंटिंग का काम करने वाले पेंटर के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में मृतक की पत्नी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

7 महीने पहले बनवाया था नया मकान

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 42 वर्षीय राजशेखर बीराडार के रूप में हुई है। राजशेखर और उसकी पत्नी अश्विनी की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी और उनके 6 साल के जुड़वां बेटे हैं। परिवार विजयपुरा के एकता नगर में रहता था और करीब 7 महीने पहले ही उन्होंने अपना नया घर बनवाया था।

घर में रंग-रोगन (पेंटिंग) का काम मदीना नगर निवासी 25 वर्षीय आनंद कल्लूर को दिया गया था। काम के दौरान ही अश्विनी और पेंटर आनंद के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और दोनों के बीच अवैध संबंध बन गए। आरोपी आनंद ने अपनी शादीशुदा होने की बात अश्विनी से छिपाई थी।

ऐसे रची गई हत्या की साजिश

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि अश्विनी अपने पति राजशेखर से छुटकारा पाना चाहती थी। उसने पेंटर प्रेमी आनंद को इसके लिए उकसाया और पैसे भी दिए। योजना के तहत, अश्विनी ने आनंद को अपने पति के रोजाना सुबह की सैर पर निकलने के समय और रास्ते की पूरी जानकारी दी थी।

4 अक्टूबर को जब राजशेखर सुबह वॉक पर निकले थे, तब आनंद ने अपनी बाइक से उनका पीछा किया और अपने साथियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद बिना नंबर प्लेट की एक तेज रफ्तार एसयूवी (SUV) कार ने पीछे से राजशेखर को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सड़क हादसे को बताया गया था सुनियोजित कत्ल

शुरुआत में इस घटना को एक सामान्य हिट-एंड-रन सड़क दुर्घटना मानकर मामला दर्ज किया गया था, लेकिन पुलिस की गहरी छानबीन और तकनीकी साक्ष्यों ने इस राज से पर्दा उठा दिया कि यह एक सोची-समझी हत्या थी। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी अश्विनी, मुख्य आरोपी पेंटर आनंद कल्लूर, सचिन और एक नाबालिग समेत कुल चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article