Karnal News: हरियाणा के करनाल जिले के बूढ़ाखेड़ा गांव में पैसों को लेकर हुआ मामूली विवाद एक दर्दनाक हादसे में बदल गया। सब्जी की दुकान पर खरीदारी करने पहुंचे दो युवकों की 10 रुपये को लेकर दुकानदार से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने बुजुर्ग दुकानदार पर डंडों और ईंटों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि गांव में भी लोगों में भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है। मृतक संजय सैनी की बेटी शिवानी ने बताया कि उनके पिता गांव की मुख्य सड़क के पास नाले के किनारे फल और सब्जी की दुकान चलाते थे। सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपनी मां और बहनों के साथ दुकान पर मौजूद थीं। इसी दौरान दो युवक दुकान पर पहुंचे और लगभग 210 रुपये का सामान खरीदने के बाद केवल 200 रुपये देकर जाने लगे। जब परिवार ने बाकी 10 रुपये मांगे तो दोनों युवक नाराज हो गए और विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला गाली-गलौज तक पहुंच गया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
मां और बेटी के साथ मारपीट
दुकान पर हो रहे हंगामे की आवाज सुनकर संजय सैनी बीच-बचाव के लिए आगे आए और युवकों को लड़कियों के साथ अभद्र व्यवहार करने से रोका। आरोप है कि इसी दौरान दोनों युवकों ने संजय सैनी को धक्का दे दिया, जिसके बाद विवाद मारपीट में बदल गया। हालात बिगड़ते देख उनकी बेटी सलौनी पिता को बचाने के लिए सामने आई और आरोपियों को रोकने के लिए डंडा उठा लिया। हालांकि, आरोपियों ने उससे डंडा छीन लिया और उसी से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची मां अनु सैनी के साथ भी कथित तौर पर मारपीट की गई।
इलाज के दौरान हुई मौत
परिवार का कहना है कि इसके बाद दोनों युवक और अधिक आक्रामक हो गए तथा उन्होंने संजय सैनी के सिर पर डंडों और ईंटों से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल संजय सैनी को परिजन तुरंत करनाल के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालांकि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मेडिकल रिपोर्ट में शरीर पर कई चोटों का उल्लेख किया गया है, जिनमें सिर पर लगी चोट को सबसे ज्यादा गंभीर बताया गया।
आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बेटियों का कहना है कि केवल 10 रुपये के विवाद में उनके पिता की जान ले ली गई। परिवार में चार बेटियां हैं और संजय सैनी ही घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। परिवार का आरोप है कि युवकों ने पहले अभद्र व्यवहार किया और विरोध करने पर बेरहमी से हमला कर दिया, जिससे पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
सीसीटीवी कैमरों की जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही सेक्टर 32-33 थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई है। साथ ही पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
