Gayatri Pariwar World Record: अखिल विश्व गायत्री परिवार के मुख्यालय गायत्री तीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार ने एक नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया है। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित शताब्दी समारोह 2026 के दौरान सबसे बड़े सामूहिक प्रज्ञा योग का रिकॉर्ड बनाया गया। यह रिकॉर्ड 1 नवंबर 2026 को आधिकारिक तौर पर दर्ज किया गया, जब हजारों प्रशिक्षित साधकों ने गायत्री मंत्र के जाप के साथ 16 आसनों वाले प्रज्ञा योग प्रोटोकॉल को एक साथ किया। यह विशाल आध्यात्मिक आयोजन तीन शताब्दियों का प्रतीक बना- अखंड दीपक शताब्दी, माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी और परम पूज्य गुरुदेव श्रीराम शर्मा आचार्य की साधना शताब्दी।
20 हजार से ज्यादा लोग हुए शामिल
शनिवार को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में तीन दिवसीय जन्म शताब्दी महोत्सव का शुभारंभ ध्वजारोहण और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। पहले दिन 20 हजार से ज्यादा लोग शामिल हुए। महोत्सव का उद्घाटन दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा और महोत्सव के दलनायक डॉ. चिन्मय पंड्या ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर किया। शांतिकुंज हरिद्वार के विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रों का पाठ किया। पहले दिन का सबसे बड़ा आकर्षण भारत सरकार द्वारा परम वंदनीया माता जी की स्मृति में जारी किया गया स्मारक डाक टिकट रहा। इंडिया पोस्ट द्वारा तैयार इस डाक टिकट को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जारी किया, जिसके बाद पूरा स्टेडियम तालियों से गूंज उठा और कई लोग भावुक हो गए।
लोकसभा अध्यक्ष ने किया समारोह को संबोधित
समारोह को संबोधित करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि गायत्री परिवार व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण और राष्ट्र निर्माण का संदेश फैला रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन ने चरित्र निर्माण और मूल्य आधारित शिक्षा के जरिए सामाजिक चेतना जगाई है। अखंड दीप के सौ साल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, "यह अखंड ज्योति तब तक जलती रहेगी जब तक इसकी रोशनी समाज के अंतिम व्यक्ति तक नहीं पहुंच जाती।" केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह स्मारक डाक टिकट सिर्फ एक महान व्यक्तित्व को श्रद्धांजलि नहीं है, बल्कि उनकी विचारधारा, उनके संकल्प और सबसे बढ़कर उनकी मातृत्व भावना को नमन है। उन्होंने तीन संकल्प लेने का आह्वान किया - मातृत्व, प्रेम और भाईचारे के मूल्यों को फैलाना, महिलाओं का सम्मान करना और भारतीय संस्कृति को संरक्षित करना।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- न्यूयॉर्क और पेरिस के दिग्गजों को पीछे छोड़ ग्लोबल मंच पर चमका पटना का ‘बिहार म्यूजियम'
महिला सशक्तिकरण पर हुई चर्चा
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि आज यहां महिला सशक्तिकरण पर चर्चा हुई। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से ही संभव हुआ है कि आज हम सिर्फ महिला सशक्तिकरण नहीं बल्कि महिला नेतृत्व में विकास की बात करते हैं। महोत्सव में देव संस्कृति विश्वविद्यालय हरिद्वार के 650 छात्र व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं। 40 छात्रों ने प्रज्ञा योग की शानदार प्रस्तुति दी, जबकि पंजाब, गुजरात, यूपी और छत्तीसगढ़ के लोक नृत्यों ने एकता में विविधता का संदेश दिया। महोत्सव का पहला चरण हरिद्वार के वैरागी द्वीप पर हुआ था। पहला दिन मातृशक्ति को समर्पित रहा, दूसरा दिन वसुधैव कुटुंबकम और विश्व शांति के लिए है। समापन 2 नवंबर को युग निर्माण के महासंकल्प के साथ होगा।
