शहर

Exclusive: 'चंदा चोरी' से लेकर छात्रों पर AK-47 तक, तेजस्वी यादव ने कई मुद्दों पर सरकार को घेरा

बांकीपुरा में RJD उम्मीदवार रेखा गुप्ता के समर्थन में रोड शो के दौरान तेजस्वी यादव ने टाइम्स नाउ नवभारत से बात करते हुए सरकार पर भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और छात्र आंदोलन से जुड़े मुद्दों को लेकर निशाना साधा।

Image

तेजस्वी यादव ने टाइम्स नाउ से Exclusive बातचीत में सरकार को घेरा

बिहार में बांकीपुरा विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव हो रहा है। उपचुनाव के लिए प्रचार का आज यानी मंगलवार 28 जुलाई को प्रचार का अंतिम दिन है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने यहां से रेखा गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है। स्वंय वरिष्ठ RJD नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव उनके लिए लगातार रोड शो कर लोगों से उनके पक्ष में वोट की अपील कर रहे हैं। ऐसे ही एक रोडशो के दौरान टाइम्स नाउ ने उनसे बात की। इस बातचीत में तेजस्वी यादव ने बिहार की NDA सरकार पर कई गंभीर आरोप भी लगाए।

तेजस्वी यादव ने राम मंदिर चंदा विवाद, कानून-व्यवस्था और छात्र आंदोलन के दौरान AK-47 के इस्तेमाल के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि बांकीपुरा की जनता इस बार सरकार को जवाब देगी। तेजस्वी ने कहा कि बांकीपुरा की जनता का संदेश है, 'चंदा चोर, बांकीपुरा छोड़' और 'चंदा चोर, गद्दी छोड़।'

तेजस्वी का सरकार पर घोटाले और फेक एनकाउंटर का आरोप

टाइम्स नाउ से बातचीत में तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि 2025 के चुनाव के बाद बिहार में दो मुख्यमंत्री बन चुके हैं, लेकिन विकास के स्तर पर काम नहीं हुआ। उन्होंने सरकार पर 75 हजार करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाने के साथ ही फेक एनकाउंटर और अपराधियों एवं भ्रष्टाचारियों के प्रभाव का भी दावा किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग छात्रों को आतंकवादी बता रहे हैं और छात्र आंदोलन के दौरान AK-47 चलाए जाने का आरोप भी उन्होंने लगाया। तेजस्वी ने कहा कि इसका जवाब बांकीपुरा की जनता देगी।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन पर साधा निशाना

RJD नेता ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि नबीन अपने क्षेत्र में अपनी पसंद का उम्मीदवार तक तय नहीं कर सकते। तेजस्वी ने उन्हें 'नाम का राष्ट्रीय अध्यक्ष' बताते हुए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन को सुरक्षा, दफ्तर और दिल्ली में एक बड़ा से बंगला दे दिया गया है, ताकि नंबर 1 और नंबर 2 उन्हें जहां अंगूठा लगाने को कहें वो लगाते रहें।

छात्र आंदोलन पर न्यायिक जांच की मांग

छात्र आंदोलन और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने के सवाल पर तेजस्वी ने बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी हमला बोला। छात्रों के आंदोलन और उनके ऊपर से मुकदमे वापस लेने के मुद्दे पर जब तेजस्वी से पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'सम्राट चौधरी नए-नए बने हैं। इनको अनुभव नहीं है। इनका जो इतिहास है, आपराधिक मुकदमे हैं। ये भी पुलिस वालों को गुंडा बना कर ही रहेंगे। लेकिन ये धरती जेपी, कर्पूरी और लालू जी की धरती है। इस राज्य को हमलोग पुलिसिया गुंडाराज नहीं होने देंगे।

तेजस्वी यादव ने कहा, छात्रों पर एके 47 चलाने की न्यायिक जांच होनी चाहिए। ये गंभीर मामला है। जब से देश आजाद हुआ है, तब से कई बड़े-बड़े आंदोलन हुए हैं, क्या कहीं पर भी एके 47 का इस्तेमाल हुआ है? आंदोलन से निपटने का एक प्रोटोकॉल होता है।

Saket kumar
साकेत कुमारauthor

साकेत कुमार के पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 18 वर्षों का लंबा अनुभव है। वर्तमान में वह Times Now Navbharat के पटना ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं और बिहार की राजनीति, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों और ग्राउंड रिपोर्टिंग में गहरी पकड़ रखते हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण खबरों को कवर किया है और निष्पक्ष, तथ्यपरक और सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। साकेट की रिपोर्टिंग में जमीनी हकीकत, गहन रिसर्च और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने की प्रतिबद्धता साफ दिखाई देती है।

और पढ़ें
End of Article