शहर

Delhi Rain: आज दोपहर भारी बारिश ने थामी दिल्ली की रफ्तार, जगह-जगह पानी भरने से जहां-तहां लगा जाम

Delhi Rain: दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार दोपहर हुई भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। ITO, पटपड़गंज और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित हुआ।

Image

बारिश के चलते दिल्ली में जगह-जगह जल-जमाव

Delhi Rain: दिल्ली-एनसीआर में आज यानी मंगलवार 28 जुलाई को दोपहर हुई तेज बारिश ने एक बार फिर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और जल निकासी की तैयारियों की जमकर परीक्षा ली। आज दोपहर हुई झमाझम बारिश के चलते जहां लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली, वहीं लोगों की परेशानियां भी बढ़ा दीं। भारी बारिश के बाद राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर जलभराव हो गया, जिससे ट्रैफिक जाम जैसी स्थितियां बन गईं। दिल्ली के प्रमुख ITO चौराहे, विकास मार्ग, पटपड़गंज, जनपथ रोड और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे सहित कई इलाकों में गाड़ियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। दिल्ली से गाजियाबाद जाने वाले रास्ते पर भी जाम जैसे हालात बन गए।

आज दोपहर हुई बारिश के बाद ITO चौराहे से तिलक मार्ग रेड लाइट और ITO के आसपास की लिंक रोड्स पर भारी मात्रा में पानी जमा हो गया। इसके चलते वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और पूरे विकास मार्ग पर ट्रैफिक काफी धीमा हो गया। जलभराव वाले हिस्सों से गुजरते समय वाहन चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ी।

कनॉट प्लेस में सड़कों पर जमा हुआ पानी

आज दोपहर हुई भारी बारिश के बाद दिल्ली का दिल कहे जाने वाले कनॉट प्लेस में भी सड़कों पर पानी जमा हो गया। कनॉट प्लेस के हनुमान रोड इलाके में काफी पानी जमा हो गया, जिसके चलते पैदल आने-जाने वालों को तो दिक्कत हुई ही, गाड़ियां भी रेंगती हुई नजर आईं। दिल्ली के सुनहरी बाग रोड पर भा काफी ज्यादा जलजमाव देखने को मिला।

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर थमी गाड़ियों की रफ्तार

भारी बारिश का असर दिल्ली-मेरठ नेशनल हाईवे पर भी देखने को मिला। जलभराव और धीमी रफ्तार के चलते एक्सप्रेसवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। गाजीपुर से गाजियाबाद की ओर जाने वाले मार्ग पर भी ट्रैफिक काफी प्रभावित रहा। बारिश के बीच सड़क पर बड़ी संख्या में वाहन फंसे नजर आए।

पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज इलाके में भी बारिश के बाद कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। कुछ जगहों पर पानी इतना ज्यादा जमा हुआ कि लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई। वहीं, वायु भवन के आसपास और जनपथ रोड से सामने आई तस्वीरों में भी गाड़ियां जलभराव वाले रास्तों से गुजरते दिखाई दिए।

लगा ट्रैफिक जाम, कई इलाकों में जलभराव

लगातार बारिश के कारण राजधानी दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में पानी जमा होने से ट्रैफिक फ्लो प्रभावित हुआ। टॉल्सटॉय मार्ग से सामने आए विजुअल्स में भी बारिश के बाद सड़क पर जलभराव देखा गया। कई स्थानों पर वाहन पानी भरी सड़कों पर रेंगते नजर आए।

गुरुग्राम में भी सड़कें लबालब

दिल्ली-एनसीआर में बारिश के दौरान पानी भरने और भारी जाम के लिए गुरुग्राम की अलग ही पहचान है। यहां जलभराव की समस्या काफी ज्यादा है और जाम भी लंबे-लंबे लगते हैं। गुरुग्राम में आज भी भारी बारिश ने परेशानी बढ़ा दी। साइबर सिटी के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति सामने आई। बसई-द्वारका लिंक रोड पर पानी जमा होने के कारण गाड़ियों, खासकर दोपहिया सवारों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

इसके अलावा नोएडा में भी आज की बारिश के बाद तमाम सड़कें पानी से लबालब नजर आईं और ट्रैफिक रेंगता हुआ दिखाई दिया।

बारिश के दौरान दिल्ली-एनसीआर की कई प्रमुख सड़कों पर जलभराव ने यातायात व्यवस्था को बुरी तरह से प्रभावित किया। ऐसे में लोगों को जलभराव वाले मार्गों से बचने और यात्रा के दौरान अतिरिक्त समय लेकर चलने की जरूरत है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article