शहर

सुनेत्रा पवार को मिली बड़ी जिम्मेदारी, पुणे और बीड की बनीं 'पालक मंत्री'; फडनवीस संभालेंगे वित्त मंत्रालय

महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़े फेरबदल के साथ उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को अब नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पूर्व उपमुख्यमंत्री दिवंगत अजित पवार के निधन के बाद, सुनेत्रा पवार न केवल सरकार में बल्कि पार्टी में भी उनके उत्तराधिकारी के रूप में उभर रही हैं। सुनेत्रा को मंगलवार को पुणे और बीड जिलों का 'पालक मंत्री' (संरक्षण मंत्री) नियुक्त किया गया है।

Image

सुनेत्रा ने 31 जनवरी को ली थी डिप्टी CM पद की शपथ ( चित्र साभार: PTI)

Photo : PTI

Maharashtra News: महाराष्ट्र की नवनियुक्त उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को मंगलवार को पुणे और बीड जिलों का 'पालक मंत्री' (संरक्षण मंत्री) नियुक्त किया गया है। यह प्रभार पहले उनके पति अजित पवार के पास था, जिनका पिछले हफ्ते बारामती में एक दुखद विमान दुर्घटना में निधन हो गया था। शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, सुनेत्रा पवार अब इन दोनों महत्वपूर्ण जिलों के विकास कार्यों और प्रशासनिक तालमेल का नेतृत्व करेंगी।

विमान दुर्घटना और सत्ता का हस्तांतरण

बता दें कि 28 जनवरी 2026 को बारामती में हुए एक 'लेयरजेट 45' विमान हादसे में अजित पवार का असामयिक निधन हो गया था। इस घटना ने महाराष्ट्र की राजनीति और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) में एक बड़ा शून्य पैदा कर दिया था। पार्टी की स्थिरता बनाए रखने के लिए 31 जनवरी को सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, जिससे वे महाराष्ट्र के इतिहास में इस पद पर आसीन होने वाली पहली महिला बन गईं।

विभागों का बंटवारा

सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सुनेत्रा पवार को अजित पवार के पुराने विभागों में से राज्य उत्पाद शुल्क (आबकारी), खेल एवं युवा कल्याण और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग सौंप दिए हैं। हालांकि, राज्य का महत्वपूर्ण वित्त मंत्रालय फिलहाल मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने पास ही रखा है। आगामी बजट सत्र को देखते हुए यह फैसला अहम माना जा रहा है।

NCP की नई राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकती हैं सुनेत्रा

अजित पवार के निधन के बाद NCP के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद भी रिक्त है। महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा चल रही है कि, कुछ नेताओं और विधायकों ने सुनेत्रा पवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की मांग की है। प्रफुल्ल पटेल इस दौड़ में शामिल नहीं हैं। हालांकि पार्टी ने अबतक ऐसे कयासों पर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।

पुणे और बीड की जिम्मेदारी क्यों है अहम?

पालक मंत्री के रूप में सुनेत्रा पवार के पास इन जिलों के बजट, भूमि अधिग्रहण और स्थानीय विकास परियोजनाओं का सीधा नियंत्रण होगा। पुणे हमेशा से पवार परिवार का राजनीतिक गढ़ रहा है, ऐसे में यहां की कमान संभालना सुनेत्रा पवार के राजनीतिक भविष्य और क्षेत्र पर पकड़ मजबूत करने के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article