WhatsApp अपने यूजर्स की प्राइवेसी को बेहतर बनाने के लिए एक नया फीचर लाने की तैयारी कर रहा है। अब तक यूजर्स View Once फीचर के जरिए फोटो, वीडियो और वॉयस मैसेज भेज सकते थे, जिन्हें रिसीवर सिर्फ एक बार देख या सुन सकता था। लेकिन अब कंपनी इस सुविधा को टेक्स्ट मैसेज के लिए भी टेस्ट कर रही है। इस फीचर के आने के बाद यूजर ऐसा मैसेज भेज सकेंगे, जो पढ़ने के बाद अपने आप गायब हो जाएगा। फिलहाल इसकी टेस्टिंग चुनिंदा Android बीटा यूजर्स के साथ की जा रही है।
कैसे काम करेगा WhatsApp का नया View Once फीचर?
WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, WhatsApp Android के वर्जन 2.26.45.6 पर इस फीचर की टेस्टिंग कर रहा है। यूजर को चैट विंडो में मैसेज लिखने के बाद सेंड बटन को कुछ देर दबाकर रखना होगा। इसके बाद View Once का विकल्प दिखाई दे सकता है। इसे चुनने पर मैसेज सामान्य चैट की तरह नहीं भेजा जाएगा।
रिसीवर को मैसेज पढ़ने के लिए उस पर टैप करना होगा। मैसेज एक अलग विंडो में खुलेगा और जैसे ही रिसीवर उसे बंद करेगा, वह गायब हो जाएगा। इसके बाद उसे दोबारा नहीं पढ़ा जा सकेगा। पहली बार इस फीचर का इस्तेमाल करने पर WhatsApp यूजर्स को इसकी जानकारी देने वाला एक छोटा ट्यूटोरियल भी दिखा सकता है।
स्क्रीनशॉट और कॉपी करने का विकल्प भी होगा बंद
इस फीचर की खास बात यह है कि WhatsApp View Once टेक्स्ट मैसेज का स्क्रीनशॉट और स्क्रीन रिकॉर्डिंग लेने से भी रोक सकता है। इसके अलावा रिसीवर मैसेज को कॉपी या फॉरवर्ड नहीं कर पाएगा। अगर सेंडर ने Read Receipts चालू रखा है, तो वह यह भी देख सकेगा कि सामने वाले ने मैसेज खोलकर पढ़ा है या नहीं। हालांकि, एक दूसरे मोबाइल से स्क्रीन की फोटो लेने पर यह सुरक्षा काम नहीं करेगी। इसलिए इसे पूरी तरह सुरक्षित तरीका नहीं माना जा सकता।
पासवर्ड और OTP भेजने में होगा फायदा
नया फीचर उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है, जिन्हें किसी को अस्थायी रूप से पासवर्ड, वन-टाइम कोड या दूसरी संवेदनशील जानकारी भेजनी होती है। इससे ऐसी जानकारी चैट हिस्ट्री में लंबे समय तक मौजूद नहीं रहेगी।
कब मिलेगा नया फीचर?
फिलहाल WhatsApp इस फीचर को Google Play Store के जरिए चुनिंदा Android बीटा टेस्टर्स के लिए जारी कर रहा है। आने वाले हफ्तों में इसका दायरा बढ़ाया जा सकता है। हालांकि, सभी Android यूजर्स के लिए इसकी उपलब्धता को लेकर कंपनी ने अभी कोई आधिकारिक तारीख नहीं बताई है।
