बॉलीवुड

'बॉलीवुड पूरी तरह सुरक्षित है', स्टार्स को मिल रही धमकियों पर मंत्री Ashish Shelar का बड़ा बयान

  • Authored by: अभय
  • Updated Nov 12, 2026, 08:50 PM IST

Minister Ashish Shelar on Bollywood Security: बॉलीवुड सितारों को मिल रही धमकियों के बीच महाराष्ट्र सरकार की ओर से सुरक्षा को लेकर बड़ा बयान सामने आया है। मंत्री आशीष शेलार ने इस मुद्दे पर अपनी बात रखी है।

Image

सलमान खान से टाइगर श्रॉफ तक को मिली धमकियों पर बोले आशीष शेलार, मुंबई पुलिस कर रही जांच (Image Source: X/ Reddit)

Minister Ashish Shelar on Bollywood Security: बॉलीवुड में पिछले कुछ समय से फिल्मी सितारों को मिल रही धमकियों और हमलों की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। कभी किसी स्टार को फोन पर धमकी दी जाती है, तो कभी किसी के घर या गाड़ी को निशाना बनाने की घटना सामने आती है। इन घटनाओं ने फिल्म इंडस्ट्री में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हाल ही में टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) की गाड़ी पर हुई फायरिंग के बाद भी सितारों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठे थे। अब महाराष्ट्र सरकार के मंत्री आशीष शेलार (Ashish Shelar) ने इस पूरे मामले पर बयान दिया है। उन्होंने मुंबई पुलिस की कार्रवाई और बॉलीवुड की सुरक्षा को लेकर अपनी बात रखी है।

'बॉलीवुड पूरी तरह सुरक्षित है'

प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए आशीष शेलार ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार को मुंबई पुलिस की काबिलियत पर पूरा भरोसा है। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री को भरोसा दिलाया कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि अधिकारी ये पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि धमकी भरे फोन कहां से आ रहे हैं और इनमें से कौन-से मामले वाकई सुरक्षा से जुड़े हैं। आशीष शेलार ने कहा, 'मुंबई पुलिस सक्षम है और पुलिस की टीम इस पर काम कर रही है। हमें पता लगाना है कि ये AI से किए गए फोन कहां से आ रहे हैं, क्या ये सिर्फ खोखली बातें हैं या इनमें कोई असली खतरा है। इसके बाद हमें आरोपियों को पकड़ना होगा। बॉलीवुड इस समय पूरी तरह सुरक्षित है। महाराष्ट्र सरकार इसकी गारंटी देती है। सरकार को मुंबई पुलिस से यही उम्मीद है और पुलिस अपना काम कर रही है।' मंत्री ने उन लोगों को भी संदेश दिया, जो इस स्थिति को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने लोगों से डरने की बजाय हिम्मत रखने की अपील करते हुए कहा, 'यहां डरना मना है, मैं बस इतना ही कह सकता हूं।'

सितारों की सुरक्षा को लेकर मुंबई पुलिस का अलर्ट

टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग के बाद मुंबई पुलिस ने फिल्मी सितारों को एहतियात बरतने की सलाह दी थी। पुलिस ने स्टार्स से भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने और सार्वजनिक स्थानों पर फैंस के बीच मिलने से बचने को कहा था। यह सलाह सितारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दी गई थी। हाल के दिनों में अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan), सलमान खान (Salman Khan) और दूसरे फिल्मी सितारों को लेकर भी सुरक्षा संबंधी चिंताएं सामने आई हैं। इस खबर को लेकर आपकी क्या राय है, कमेंट करके हमें जरूर बताएं।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article