वाराणसी : राम मंदिर को नया सीईओ मिलने के बाद काशी विश्वनाथ मंदिर को भी नया मुखिया मिल गया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासन में बदलाव करते हुए पीसीएस अधिकारी सत्यम मिश्रा को काशी विश्वनाथ मंदिर का नया मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। प्रयागराज में अपर जिलाधिकारी (नगर) के पद पर तैनात सत्यम मिश्रा अब मंदिर की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे। वह विश्वभूषण मिश्रा का स्थान लेंगे।
कुछ दिन पहले शासन ने मंदिर के तत्कालीन CEO विश्वभूषण मिश्रा को पद से हटाकर उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग भेज दिया था। इसके बाद अब सत्यम मिश्रा की नई तैनाती की गई है।
हरदोई के रहने वाले हैं सत्यम मिश्रा
हरदोई निवासी सत्यम मिश्रा 2015 बैच के पीसीएस अधिकारी हैं। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा के जरिए चयनित होने के बाद उन्होंने 15 मार्च 2016 को प्रशासनिक सेवा में कदम रखा था।
उनकी शुरुआती तैनाती बरेली में डिप्टी कलेक्टर के तौर पर हुई। इसके बाद उन्होंने गाजीपुर के सैदपुर, महराजगंज और चित्रकूट में डिप्टी कलेक्टर के रूप में काम किया। बाद में रामपुर में सिटी मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी भी संभाली।
2023 में उन्हें मुरादाबाद में वित्त एवं राजस्व अपर जिलाधिकारी बनाया गया। इसके बाद 6 जनवरी 2025 से वह प्रयागराज के अपर जिलाधिकारी (नगर) के पद पर कार्यरत थे। अब वाराणसी में उन्हें श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के CEO की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
