इंदौर : जिले में बुधवार को जर्जर मकान को गिराने के दौरान मलबे में दबने से तीन महिला मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य मजदूर घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, हादसा जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर सांवेर कस्बे में हुआ। यहां एक जर्जर मकान को गिराकर दोबारा निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान मकान की एक दीवार और उससे लगी इमारत के कुछ हिस्से अचानक ढह गए। इसके मलबे में वहां काम कर रहे मजदूर दब गए।
पुलिस उपाधीक्षक (DySP) उमाकांत चौधरी ने बताया कि हादसे में तीन महिला मजदूरों की मौत हुई है। वहीं, चार अन्य मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और बचाव दल की ओर से मलबा हटाने का काम जारी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं कोई अन्य व्यक्ति भी मलबे के नीचे तो नहीं दबा है। पुलिस के अनुसार, हादसे की जांच की जा रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
