PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर दिल्ली सरकार 17 सितंबर को सेवा, समर्पण और जनभागीदारी से जुड़े कई विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में कर्तव्य पथ पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम, त्यागराज स्टेडियम में मेगा रक्तदान शिविर, खाटू श्याम दिल्ली धाम में 108 कुंडलीय यज्ञ और श्रमिकों के लिए ‘श्रमिक सेवा केंद्र’ की शुरुआत की जाएगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दिल्ली में एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के दौरान परिवहन, सड़क, सीवरेज, जल शोधन, शिक्षा, बिजली, सार्वजनिक सुविधाओं और शहरी सौंदर्यीकरण से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।
कर्तव्य पथ पर ‘आशीर्वाद का दीया’
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर गुरुवार शाम 7 बजे कर्तव्य पथ पर विशेष दीप प्रज्वलन कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम में करीब एक लाख दीये जलाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से शाम 6 से 7 बजे के बीच अपने घर और आंगन में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील की है। सरकार के मुताबिक यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री के स्वस्थ जीवन, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए नागरिकों की शुभकामनाओं और सहभागिता का प्रतीक होगा।
त्यागराज स्टेडियम में मेगा रक्तदान शिविर
सेवा संकल्प अभियान के तहत त्यागराज स्टेडियम में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक मेगा रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें 2,500 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है। दिल्ली सरकार के अस्पतालों के ब्लड बैंक समेत आर्मी हॉस्पिटल, लेडी हार्डिंग कॉलेज, सफदरजंग अस्पताल और इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की भागीदारी रहेगी।
108 कुंडलीय यज्ञ का आयोजन
अलीपुर के जीटी करनाल रोड स्थित खाटू श्याम दिल्ली धाम में प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 108 कुंडलीय यज्ञ आयोजित किया जाएगा। यज्ञ में प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए प्रार्थना की जाएगी। इस दौरान दृष्टिहीन बच्चों द्वारा सस्वर हनुमान चालीसा का पाठ भी किया जाएगा।
श्रमिक सेवा केंद्र की शुरुआत
दिल्ली सरकार श्रमिकों के लिए ‘श्रमिक सेवा केंद्र’ की शुरुआत भी करेगी। इन केंद्रों पर श्रमिकों को पंजीकरण और नवीनीकरण, दस्तावेज सत्यापन, आवेदन की स्थिति, कल्याणकारी योजनाओं और दावों से जुड़ी सेवाओं की जानकारी और मार्गदर्शन एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार का कहना है कि इसका उद्देश्य श्रमिकों को सरकारी सेवाओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में राष्ट्रसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ जीवन, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए शुभकामनाएं दीं।
