Samastipur Car Accident Video: समस्तीपुर के हसनपुर में सोमवार को सड़क सुरक्षा के दावों की धज्जियां उड़ गईं। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि कैसे एक अनियंत्रित ट्रक काल बनकर आता है और धीमी गति से जा रही एक कार को पीछे से टक्कर मारता है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रक के अगले हिस्से में फंस गई। इसके बावजूद ट्रक ड्राइवर ने ब्रेक नहीं लगाया और कार को करीब 200 मीटर तक घसीटता रहा।
दो ट्रकों के बीच दब गई कार
हादसे का सबसे खौफनाक मंजर तब आया जब कार को घसीटता हुआ यह ट्रक सड़क किनारे खड़े एक दूसरे ट्रक से जा टकराया। कार दोनों भारी वाहनों के बीच सैंडविच की तरह दब गई और लोहे के ढेर में तब्दील हो गई। सड़क पर रगड़ के कारण उड़ती चिंगारियों और कार के परखच्चे उड़ते देख लोगों को लगा कि गाड़ी में सवार किसी भी व्यक्ति का बचना नामुमकिन है।
बाल-बाल बचे कार सवार
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। चमत्कार ही था कि कार के पूरी तरह चकनाचूर होने के बावजूद उसमें सवार लोग जीवित बच गए। सभी घायलों को इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
भीड़ और लंबी कतारों ने बढ़ाई मुसीबत
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में एक स्थानीय जनप्रतिनिधि के यहां जमावड़ा लगा था, जिसकी वजह से सड़क पर गाड़ियों का लंबा काफिला और भीड़ थी। सड़क पर व्यवस्था सही न होने के कारण यह भीषण दुर्घटना हुई। सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुँची और दोनों ट्रकों समेत क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर लिया है।
