शहर

Uttarakhand News: भारी बारिश से रूद्रप्रयाग में नदियां उफान पर, बदरीनाथ हाईवे बंद; केदारनाथ मार्ग पर Landslide का खतरा

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में लगातार बारिश से अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां उफान पर हैं। यहां नदी किनारे बनी शिव प्रतिमा जलमग्न हो गई है, जबकि बद्रीनाथ हाईवे बंद और केदारनाथ मार्ग पर भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।

Image

भारी बारिश से रुद्रप्रयाग में नदिया उफान पर

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में कल यानी रविवार रात से जारी मूसलाधार बारिश से जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। लगातार हो रही बारिश के कारण अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां उफान पर हैं। बेलनी क्षेत्र में अलकनंदा नदी के किनारे स्थापित भगवान शिव की विशाल प्रतिमा पूरी तरह जलमग्न हो गई है, जिससे नदी के बढ़ते जलस्तर की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। वहीं भूस्खलन के चलते बद्रीनाथ हाईवे बंद हो गया है और केदारनाथ हाईवे पर भी खतरा बना हुआ है।

सबसे ज्यादा असर सड़क संपर्क पर पड़ा है। श्रीनगर-रुद्रप्रयाग के बीच सिरोबगड़ में भारी भूस्खलन के कारण बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है। हाईवे बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। दूसरी ओर, केदारनाथ हाईवे के बांसबाड़ा क्षेत्र में पहाड़ी से लगातार मलबा और पत्थर गिर रहे हैं, जिससे मार्ग पर आवागमन जोखिम भरा हो गया है।

जिले के कई नदी-नाले भी उफान पर हैं। प्रशासन के अनुसार अलकनंदा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और चेतावनी स्तर के बेहद करीब पहुंच चुका है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस, राज्य आपदा प्रबंधन विभाग और राहत-बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया है। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें तैनात हैं।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने खासतौर पर बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम जाने वाले यात्रियों से मौसम विभाग और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने तथा अफवाहों से दूर रहने को कहा है।

मौसम विभाग की चेतावनी के बीच यदि बारिश का सिलसिला जारी रहता है तो नदियों का जलस्तर और बढ़ सकता है तथा भूस्खलन प्रभावित इलाकों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। ऐसे में प्रशासन ने स्थानीय लोगों और यात्रियों से अत्यधिक सतर्कता बरतने की अपील की है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!