Ayodhya News: भगवान राम की नगरी अयोध्या में पवित्र सरयू नदी के बीच नाव पर कथित तौर पर बीयर और मटन पार्टी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। यह वीडियो सामने आने के बाद श्रद्धालुओं और संत समाज में नाराजगी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अयोध्या कैंट पुलिस के मुताबिक, वीडियो (Viral Video) रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। हालांकि, शुरुआती जानकारी के अनुसार इसे लगभग चार दिन पहले रिकॉर्ड किया गया था। वीडियो में चार युवक सरयू नदी में गुप्तार घाट के पास नाव पर बैठे दिखाई देते हैं। वे कथित तौर पर बीयर पीते और मटन खाते हुए मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर रहे हैं।
बकरे की मटन की पार्टी
वीडियो में रिकॉर्डिंग कर रहा व्यक्ति अपने तीन साथियों का परिचय कराता है और इसे 'बकरे के मटन की पार्टी' बताता है। वह एक साथी से मटन का स्वाद पूछता है, जिस पर जवाब मिलता है कि मटन 'बहुत बढ़िया, फर्स्ट क्लास' है। इसके बाद वह भविष्य में भी ऐसी पार्टियां आयोजित करने की बात कहता हुआ सुनाई देता है।
चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ
पुलिस के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रहे चारों युवक गुप्तार घाट क्षेत्र के निवासी हैं और सरयू नदी में नाव चलाकर आजीविका कमाते हैं। सर्किल अधिकारी (सिटी) श्रियश त्रिपाठी के अनुसार वीडियो की जांच शुरू कर दी गई है और चारों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। वहीं कैंट थाने के प्रभारी संदीप सिंह ने कहा कि वीडियो की सत्यता और परिस्थितियों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जरूरी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
महंत रामदास ने सख्त कार्रवाई की मांग की
हनुमानगढ़ी नाका के महंत रामदास ने इस घटना की निंदा करते हुए इसे सरयू नदी की पवित्रता और श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का अपमान करार दिया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वाराणसी में भी हो चुकी है ऐसी घटना
गौरतलब है कि इससे पहले यूपी के ही वाराणसी में गंगा नदी में नाव पर कथित तौर पर चिकन और बीयर पार्टी का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। वहीं एक अन्य मामले में नाव पर कथित 'इफ्तार' के दौरान चिकन बिरयानी परोसे जाने का वीडियो सामने आने के बाद 14 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।
