शहर

Sonam Wangchuk ने समर्थकों को लिखी चिट्ठी, बताई तीन शर्तें; एक भी पूरी हुई तो आज खत्म हो जाएगा अनशन!

सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अपने समर्थकों के नाम एक चिट्ठी लिखी है। इस चिट्ठी में उन्होंने तीन शर्तों का जिक्र किया है, इनमें से किसी एक शर्त के पूरी होने पर अपना अनशन समाप्त करेंगे।

Image

सोनम वांगचुक की समर्थकों के नाम चिट्ठी

लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) ने अपने अनशन को लेकर कल यानी रविवार रात एक बड़ा बयान जारी किया है। उन्होंने कहा है कि वह 20 जुलाई को अपना अनशन तभी समाप्त करेंगे, जब उनकी ओर से रखी गई तीन शर्तों में से कोई एक पूरी होगी। वांगचुक का कहना है कि उनका आंदोलन देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार और हालिया पेपर लीक जैसी घटनाओं की जवाबदेही तय कराने के लिए है।

सोनम वांगचुक ने अपने समर्थकों के नाम जारी संदेश में कहा कि कई लोग उनसे पूछ रहे हैं कि वह अनशन कब समाप्त करेंगे। उन्होंने साफ किया कि यदि सरकार शिक्षा व्यवस्था की हालिया विफलताओं, विशेषतौर पर पेपर लीक जैसी घटनाओं की जिम्मेदारी स्वीकार करती है, तो वह 20 जुलाई को अपना अनशन समाप्त कर देंगे।

उन्होंने दूसरी शर्त में कहा कि अगर वह और सीजेपी (CJP) का नेतृत्व संसद पहुंचता है तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसद और नेता उन्हें यह भरोसा देते हैं कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को संसद में प्रमुखता से उठाया जाएगा, तब भी वह अनशन समाप्त करेंगे।

वांगचुक ने तीसरी स्थिति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अगर स्वास्थ्य संबंधी कारणों या किसी अन्य वजह से उनके लिए अनशन जारी रखना संभव नहीं रहता, तो विभिन्न दलों के सांसद और नेता सफदरजंग अस्पताल पहुंचकर यह आश्वासन दें कि वे शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक के मुद्दे को संसद में उठाएंगे।

अपने संदेश के अंत में सोनम वांगचुक ने दावा किया कि वह सफदरजंग अस्पताल में 'अवैध हिरासत' में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां उनकी आवाजाही की स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सभी प्रकार के संचार पर प्रतिबंध लगाया गया है।

हालांकि, उनके इस दावे पर संबंधित सरकारी एजेंसियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में अब आज यानी सोमवार 20 जुलाई को उनके अनशन को लेकर सभी की नजरें सरकार और राजनीतिक दलों की अगली प्रतिक्रिया पर टिकी हैं। इसके अलावा आज CJP का शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद मार्च (CJP Protest) है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article