शहर

Rajasthan Weather Update: यहां 15 डिग्री से नीचे पहुंचा तापमान, ठंड की दस्तक के बीच अगले हफ्ते बारिश के आसार

Rajasthan Weather Update: मानसून के लौटने के साथ ही राजस्थान में मौसम भी बदलने लगा है। माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री पहुंच गया। आगामी सोमवार से एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने से बारिश के आसार बन रहे हैं।

Image

राजस्थान में मौसम ने ली करवट, गुलाबी ठंड ने दी दस्तक

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मौसम ने धीरे-धीरे करवट लेना शुरू कर दिया है। हालांकि, दिन में अब भी तेज धूप और गर्मी का असर है, लेकिन कई इलाकों में रात के तापमान में गिरावट के साथ हल्की ठंड महसूस होने लगी है। राज्य के हिल स्टेशन माउंट आबू में सोमवार रात न्यूनतम तापमान करीब 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही दक्षिणी राजस्थान के कई जिलों में रात के समय गुलाबी ठंडक की शुरुआत हो गई है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, फिलहाल राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, सोमवार 12 अक्टूबर से एक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) एक्टिव हो सकता है, जिसके प्रभाव से राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में बादल छाने और कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की भी संभावना है।

दक्षिण राजस्थान में रातें हुईं ठंडी

सोमवार को उदयपुर में न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री, डूंगरपुर में 19.6 डिग्री, सिरोही में 18.9 डिग्री और प्रतापगढ़ में 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन इलाकों में रात के तापमान में गिरावट के कारण सुबह और देर शाम हल्की ठंड अब महसूस होने लगी है। माउंट आबू में पारा 14.6 डिग्री के आसपास पहुंचना इस बदलाव का सबसे साफ संकेत है। हालांकि, राज्य के ज्यादातर हिस्सों में अभी दिन का तापमान काफी ऊपर बना हुआ है।

पश्चिमी राजस्थान में दिन का पारा 40 के करीब

बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, फलोदी, श्रीगंगानगर, चूरू और बीकानेर जैसे शहरों में दिन के तापमान में करीब 2 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, इन शहरों में भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। जोधपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं, कोटा में दिन का तापमान 38 डिग्री और रात का 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

गुलाबी नगरी की शाम को गुलाबी ठंडक

राजधानी जयपुर में सोमवार को दिनभर आसमान साफ रहा और तेज धूप के कारण गर्मी महसूस हुई। यहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 3 डिग्री ज्यादा रहा। शाम के समय तापमान गिरने से हल्की ठंडक जरूर महसूस हुई।

अजमेर में अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री और न्यूनतम 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अलवर में दिन का तापमान करीब 37 डिग्री रहा, जबकि शाम को मौसम में हल्की ठंडक का ऐहसास हुआ। सीकर में अधिकतम तापमान 37.7 और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

अगले सोमवार से बदल सकती है मौसम की चाल

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के मुताबिक, आने वाले दिनों में राजस्थान के ज्यादातर शहरों में अधिकतम तापमान 30 से 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं, सोमवार 12 अक्टूबर के आसपास वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक्टिव होने पर उत्तर-पश्चिमी जिलों के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में बादल छाने के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश भी हो सकती है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article