शहर

Meerut: असली रकम दो, तीन गुना नकली नोट लो! मेरठ में ठगी के खेल का पर्दाफाश, दो सिपाहियों समेत 5 गिरफ्तार

Meerut News: मेरठ में असली रकम के बदले तीन गुना नकली नोट देने का झांसा देकर ठगी और लूट करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया। हिस्ट्रीशीटर साजिद समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Image

मेरठ में नकली नोटों से ठगी का खुलासा

Photo : Times Now Digital

Meerut Crime News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में पुलिस ने ठगी और लूट करने वाले एक ऐसे शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो लोगों को असली रकम के बदले तीन गुना नकली नोट देने का लालच देता था। पुलिस ने इस मामले में पहले हिस्ट्रीशीटर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान गिरोह की मदद करने वाले दो पुलिसकर्मियों के नाम भी सामने आए, जिसके बाद उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है।

तीन गुना नकली नोट देने का दिया जाता था लालच

पुलिस के मुताबिक, भावनपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर साजिद इस गिरोह का सरगना बताया जा रहा है। यह गिरोह लोगों को असली रकम के बदले तीन गुना नकली नोट देने का झांसा देता था। गिरोह पहले भरोसा जीतने के लिए कुछ असली नोट बाजार में चलाता था। इसके बाद बड़ी रकम की डील के दौरान नकली नोटों की गड्डियां तैयार की जाती थीं। गिरोह नकली नोटों की गड्डियों में ऊपर और नीचे एक-एक असली नोट लगाता था। इनके बीच नोट के आकार में काटे गए सफेद कागज भरे जाते थे। इस तरह तैयार गड्डियों को पीड़ित के सामने असली नोटों की तरह पेश किया जाता था।

सिपाही बनकर पीड़ित को धमकाने का आरोप

पुलिस के अनुसार, डील तय होने के समय गिरोह के साथ जुड़े दो सिपाही मौके पर पहुंचते थे। इसके बाद वे खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए पीड़ित को थाने ले जाने की धमकी देते थे। आरोप है कि इसी दौरान असली रकम और नकली नोट अपने कब्जे में ले लिए जाते थे और बाद में पीड़ित को छोड़ दिया जाता था।

डायल-112 पर मिली लूट की सूचना

सोमवार देर रात भावनपुर पुलिस को डायल-112 के जरिए लूट की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने मुख्य आरोपी साजिद, अभिषेक और फैजान को हिरासत में लिया। साजिद के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 25 हजार रुपये की कथित लूटी गई रकम, एक बाइक और तमंचा बरामद किया।

35 से ज्यादा नकली नोटों की गड्डियां बरामद

पूछताछ और तलाशी के दौरान पुलिस को 35 से अधिक नोटों की गड्डियां मिलीं। इनमें 500, 200 और 100 रुपये के नोट शामिल थे। जांच में पता चला कि गड्डियों के ऊपर और नीचे असली नोट लगाए गए थे, जबकि बीच में सफेद कागज की कटिंग भरी हुई थी। जांच के आगे बढ़ने पर भावनपुर थाने में तैनात दो सिपाहियों की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि पांचों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों निलंबित सिपाहियों और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article