स्पोर्ट्स

Women's Asian Champions Trophy 2026: भारत का विजय अभियान जारी, दक्षिण कोरिया को हराकर दर्ज की लगातार दूसरी जीत

भारतीय महिला हॉकी टीम का विजय अभियान महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में लगातार दूसरे मुकाबले में भी जारी रहा। भारतीय टीम ने शनिवार को दक्षिण कोरिया को 2-1 के अंतर से मात दी। ऐसा रहा मैच के पल पल का हाल।

Image

भारतीय महिला हॉकी टीम (फोटो क्रेडिट Hockey India X)

भोपाल: एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता और दो बार की मौजूदा चैंपियन भारतीय टीम ने शनिवार को दक्षिण कोरिया को 2-1 से हराकर महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट के राउंड रॉबिन चरण में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। मेजबान भारत ने गुरुवार को टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में मलेशिया को 4-1 से हराया था। भारत के लिए मुमताज खान ने 30वें मिनट में शानदार मैदानी गोल करके खाता खोला। इसके बाद सुनेलिता टोप्पो ने तीसरे क्वार्टर के शुरू होने के चार मिनट बाद पेनल्टी कॉर्नर से मिले रिबाउंड पर गोल करके भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। दक्षिण कोरिया की यंगयून होंग ने 56वें मिनट में मैदानी गोल करके टीम की हार का अंतर कम किया। अब भारतीय टीम रविवार को थाईलैंड से भिड़ेगी।

भारतीय टीम ने की आक्रामक शुरुआत

भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। खिलाड़ियों ने लगातार कोरियाई सर्कल में प्रवेश किया, लेकिन वे अपने प्रयासों को गोल में बदलने में नाकाम रहीं। फिर भारत को जल्द ही लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन नवनीत कौर के दूसरे प्रयास को कोरियाई गोलकीपर ने बचा लिया। नवनीत ने अपनी शानदार रणनीति और खेल से भारत के लिए कई मौके बनाए, लेकिन कोरियाई खिलाड़ियों ने बड़ी संख्या में रक्षापंक्ति में मौजूद रहकर गोल बचाए।

मुमताज ने किया पहला गोल

भारतीय रक्षापंक्ति के शानदार पास से मैच का पहला गोल हुआ। नवनीत ने दीपिका को गेंद सौंपी जिनके शॉट को कोरियाई गोलकीपर ने रोक दिया। लेकिन मुमताज सही समय पर सही जगह मौजूद थीं और उन्होंने गेंद को गोल में पहुंचाकर मध्यांतर से ठीक पहले भारत को बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ में भी भारत का दबदबा कायम रहा और उसने लगातार हमले करके कोरियाई रक्षापंक्ति पर दबाव बनाए रखा। कप्तान सलीमा टेटे ने मध्यांतर के तुरंत बाद भारत के लिए एक और पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन दीपिका की फ्लिक को कोरियाई गोलकीपर ने बचा लिया।इसके बाद नवनीत के सीधे प्रयास से मिले रिबाउंड पर सुनेलिता ने गेंद को गोल में पहुंचाया और भारत की बढ़त 2-0 कर दी।

दक्षिण कोरिया नहीं उठा पाया पेनल्टी कॉर्नर का फायदा

इस बीच दक्षिण कोरिया को भी कुछ पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन टीम में अनुभवी सविता पूनिया की जगह शामिल की गई गोलकीपर बांसुरी सोलंकी ने शानदार बचाव करते हुए विपक्षी टीम को गोल करने से रोके रखा। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने कोरियाई रक्षापंक्ति पर दबाव बनाए रखा।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article