स्पोर्ट्स

अनुपमा रामचंद्रन ने रचा इतिहास, लगातार दूसरी बार जीता आईबीएसएफ विश्व स्नूकर का खिताब

भारत की अनुपमा रामचंद्रन ने हांगकांग चीन की सो मैन यान को को हराकर लगातार दूसरी बार ईबीएसएफ विश्व स्नूकर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम करके इतिहास रच दिया है। लगातार दो बार खिताबी जीत हासिल करने वाली अनुपमा पहली भारतीय महिला बन गई हैं।

Image

अनुपमा रामचंद्रन

इंदौर: भारत की अनुपमा रामचंद्रन ने शनिवार को इंदौर में आयोजित आईबीएसएफ विश्व स्नूकर चैंपियनशिप के फाइनल में शानदार वापसी करते हुए हांगकांग चीन की सो मैन यान को 3-1 से हराकर महिला वर्ग का अपना खिताब बरकरार रखा। अनुपमा लगातार दो बार यह खिताब जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गईं।

ईरान के अली घराहगोजलू बने पुरुष वर्ग में चैंपियन

पुरुष वर्ग के फाइनल में ईरान के अली घराहगोजलू ने हांगकांग चीन के टैम युन फुंग को 5-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इससे पहले सेमीफाइनल में भारत के पंकज आडवाणी को 5-3 से हराने वाले ईरान के खिलाड़ी ने फाइनल में भी यादगार प्रदर्शन किया। उन्होंने खिताब के साथ 10,000 डॉलर की पुरस्कार राशि भी अपने नाम की। महिला वर्ग में अनुपमा को खिताबी जीत के लिए 4,000 डॉलर मिले।

फाइनल में पहला फ्रेम गंवाने के बाद की वापसी

फाइनल की शुरुआत उनके लिए अच्छी नहीं रही और उन्हें पहला फ्रेम गंवाना पड़ा। उन्होंने हालांकि जल्द ही लय हासिल कर ली और 31, 19 तथा 16 अंकों की शानदार ब्रेक के साथ दूसरा फ्रेम जीतकर मुकाबले में वापसी की। इसके बाद 16, 28 और 18 अंकों के ब्रेक लगाकर अनुपमा ने 2-1 की बढ़त बना ली। चौथे फ्रेम में मैन यान आक्रामक शुरुआत करते हुए 20 अंक बटोरने में सफल रही, लेकिन अनुपमा ने 14 और 26 अंकों के ब्रेक के साथ खिताब अपने नाम कर लिया।

कौन हैं अनुपमा रामचंद्रन?

अनुपमा रामचंद्रन मूल रूप से चेन्नई की रहने वाली भारतीय स्नूकर और इंग्लिश बिलियर्ड्स खिलाड़ी हैं। उन्होंने साल 2025 में विश्व महिला स्नूकर चैंपियनशिप जीतकर इतिहास रचा था और यह खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं। इंदौर में अपने खिताब का बचाव करके अनुपमा ने नया इतिहास रचा है। 24 वर्षीय अनुपमा अपने खिताब का बचाव करने वाली पहली भारतीय महिला स्नूकर खिलाड़ी बन गई हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article