शहर

जब लिया था 15 दिन का वीजा तो दो महीने से क्या कर रहे थे तीन बांग्लादेशी? दिल्ली पुलिस ने होटल में दबोचा

Bangladeshi Arrest in Delhi: पकड़े गए लोगों की पहचान 53 वर्षीय साला उद्दीन, 40 वर्षीय शौकत अली और 25 वर्षीय कमरुल हसन के रूप में हुई है। तीनों बांग्लादेश के नोआखाली जिले के रहने वाले हैं। सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की फॉरेनर सेल और स्पेशल स्टाफ की टीम होटलों और गेस्ट हाउस में विदेशी नागरिकों के वीजा दस्तावेजों की जांच कर रही थी।

Image

तीन बांग्लादेशी धराए (फोटो साभार- TNN)

Bangladeshi Arrest in Delhi: दिल्ली में अवैध रूप से ठहरने वाले विदेशी नागरिकों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस की स्पेशल वेरिफिकेशन ड्राइव में तीन बांग्लादेशी नागरिक पकड़े गए हैं। तीनों पर आरोप है कि वे भारत में अपने वीजा की निर्धारित अवधि से ज्यादा समय तक रह रहे थे। पुलिस ने इन्हें पहाड़गंज के एक होटल से पकड़ा है। अब तीनों को वापस बांग्लादेश भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

15 दिन की परमिशन पर 2 महीने से रह रहे थे

पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए लोगों की पहचान 53 वर्षीय साला उद्दीन, 40 वर्षीय शौकत अली और 25 वर्षीय कमरुल हसन के रूप में हुई है। तीनों बांग्लादेश के नोआखाली जिले के रहने वाले हैं। सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की फॉरेनर सेल और स्पेशल स्टाफ की टीम होटलों और गेस्ट हाउस में विदेशी नागरिकों के वीजा दस्तावेजों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पहाड़गंज स्थित होटल शोरा कोठी में तीनों पुलिस के रडार पर आए। जांच में उनके पासपोर्ट और वीजा दस्तावेजों से पता चला कि तीनों 6 अक्टूबर 2026 को डबल एंट्री वीजा पर भारत आए थे। उनके वीजा की वैधता 14 दिसंबर तक थी, लेकिन भारत में रहने की अनुमति सिर्फ 15 दिनों की थी। इसके बावजूद तीनों निर्धारित अवधि से ज्यादा समय तक यहां ठहरे हुए थे। यानी वीजा की शर्तों का साफ उल्लंघन किया जा रहा था।

अब बांग्लादेश भेजे जाएंगे तीनों

पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद कार्रवाई के तहत तीनों का LNJP अस्पताल में मेडिकल कराया गया और उन्हें फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) के सामने पेश किया गया। FRRO ने तीनों के खिलाफ रेस्ट्रिक्शन ऑर्डर जारी किए हैं। इसके बाद उन्हें दिल्ली के सेवा धाम डिटेंशन सेंटर में भेज दिया गया है। फिलहाल तीनों को डिटेंशन सेंटर में रखा गया है और आगे की डिपोर्टेशन प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि विदेशी नागरिकों के वीजा और इमिग्रेशन नियमों के उल्लंघन को लेकर होटलों और गेस्ट हाउस में जांच अभियान जारी रहेगा।

दिल्ली पुलिस ने होटल और गेस्ट हाउस संचालकों को भी चेतावनी दी है कि वे विदेशी मेहमानों के दस्तावेजों की सही जांच करें और समय पर पुलिस को जानकारी दें। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि राजधानी में अवैध रूप से रह रहे विदेशियों की पहचान के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Prerit Kumar
प्रेरित कुमारauthor

मैं एक जिज्ञासु पत्रकार हूँ, जो खबरों के हर पहलू को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य का अनुभव रखता हूँ। पत्रकारिता की दुनिया में एक दशक से सक्रिय हूँ। समाज और सच्चाई को जोड़ने वाली सार्थक पत्रकारिता में विश्वास करता हूँ।

और पढ़ें
End of Article