शहर

राजस्थान का मौसम (11 May 2026) Rajasthan Weather Today: ऊटपटांग हुआ मौसम, 6 जिलों में आंधी-बारिश की संभावना, 8 में लू का अलर्ट

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 11 May 2026: राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से प्रचंड गर्मी पड़ रही है, लेकिन आज सुबह हनुमानगढ़ में बारिश होने से तापमान में गिरावट आई। मौसम विभाग ने एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने के चलते 6 जिलों में आंधी-बारिश के लिए अलर्ट किया है। जानिए आज कैसा रहेगा राजस्थान का मौसम -

Image

राजस्थान में आज कहीं बारिश तो कहीं लू का अलर्ट

राजस्थान में आज का मौसम (Rajasthan Weather Today 11 May 2026): राजस्थान में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। लेकिन आज यानी सोमवार 11 मई की सुबह मौसम ने अचानक करवट बदल ली। हनुमानगढ़ जिले में सुबह-सुबह लगभग एक घंटे तक रुक-रुककर बारिश हुई, जिससे लोगों को प्रचंड गर्मी से राहत मिली। सुबह करीब 6.45 बजे आसमान में बादल छाने के बाद जिले में रिमझिम बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ सुबह-सुबह जिले में तेज हवाएं भी चलीं, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से राहत मिली।

फिर एक्टिव हुआ वेस्टर्न डिस्टर्बेंस

कल यानी रविवार 10 मई तक हनुमानगढ़ सहित राजस्थान के कई हिस्से भीषण गर्मी और लू की चपेट में थे। दोपहर के समय पारा 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया था। लेकिन आज सुबह हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने राहत महसूस की। यह राहत एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक्टिव होने के चलते मिली है।

तीन जिलों में हीटवेव का अलर्ट

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के चलते मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने राजस्थान में कई जिलों के मौसम में बदलाव का अनुमान जताया है। विभाग के अनुसार आज राज्य के छह जिलों में तेज आंधी, धूलभरी हवाएं और हल्की बारिश की संभावना है। जबकि तीन जिलों के लिए हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट और पांच जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

बाड़मेर में 46.8 डिग्री तक पहुंच गया पारा

कल यानी रविवार को बाड़मेर इस सीजन का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जैसलमेर में 46.3 डिग्री, फलोदी में 46 डिग्री, जोधपुर में 44.6 डिग्री और बीकानेर में 44.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। इन क्षेत्रों में दिनभर लू चलती रही, जिससे जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ। कई शहरों में दोपहर के समय सड़कों पर कर्फ्यू जैसी स्थिति देखने को मिली।

बीकानेर, जयपुर और भरतपुर में बारिश की संभावना

आज 11 मई से सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग में देखने को मिलेगा। इन क्षेत्रों में तेज हवा, बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। हालांकि, पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर संभाग और दक्षिणी राजस्थान के उदयपुर संभाग में अगले तीन दिन तक गर्मी का असर बरकरार रहेगा।

जोधपुर में तीन दिन हीटवेव जैसे हालात रहेंगे

जोधपुर में मौसम विभाग ने 11 से 13 मई तक हीटवेव की चेतावनी जारी की है। रविवार को यहां अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था। वहीं उदयपुर में गर्मी के चलते बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई। कुराबड़ रोड स्थित बिछड़ी क्षेत्र में 33/11 केवी जीएसएस पर ट्रांसफॉर्मर में आग लगने से कई गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

अजमेर, अलवर, कोटा में आंधी-बारिश की संभावना

राजधानी जयपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री दर्ज हुआ, जिससे गुलाबी नगरी के निवासियों को लू से कुछ हद तक राहत मिली। वहीं अजमेर, अलवर और कोटा में भी अगले 48 घंटों के दौरान तेज हवाएं, आंधी और मौसम बदलाव की संभावना जताई गई है।

राजस्थान में एक तरफ जहां पश्चिमी जिलों में गर्मी अपने चरम पर है, वहीं हनुमानगढ़ जैसी जगहों पर हुई बारिश ने मौसम में बदलाव का संकेत दे दिया है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!