Maharashtra FDA Raid: महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने मिलावटी और नियमों का उल्लंघन कर बनाए जा रहे खाद्य पदार्थों के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देश पर 'Safe Food, Safe Maharashtra' अभियान के तहत 13 नवंबर को राज्य के विभिन्न विभागों में एक साथ छापेमारी की गई। इस दौरान कुल 26 प्रतिष्ठानों और ठिकानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 1 करोड़ 90 लाख 83 हजार 531 रुपये मूल्य के खाद्य पदार्थ जब्त किए गए।
हेल्थ सप्लीमेंट्स में प्रतिबंधित सामग्री का इस्तेमाल
FDA की जांच में हेल्थ सप्लीमेंट्स और विशेष आहार के लिए बनाए जाने वाले खाद्य पदार्थों में FSSAI द्वारा अस्वीकृत सामग्री के इस्तेमाल का बड़ा मामला सामने आया है। इनमें मुख्य रूप से Magnesium Acetyl Taurate और Nicotinamide Mononucleotide जैसे घटक शामिल हैं। इस मामले में राज्य के सात विभागों में 17 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई। हेल्थ सप्लीमेंट्स का कुल 1 करोड़ 38 लाख 95 हजार 852 रुपये का स्टॉक जब्त किया गया। सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। FDA ने खाद्य कारोबारियों को चेतावनी दी है कि बिना आवश्यक अनुमति के हेल्थ सप्लीमेंट्स का उत्पादन या बिक्री न करें। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित या रद्द करने के साथ आपराधिक कार्रवाई भी की जाएगी।
पुणे के होटल वैशाली और पाली रेस्टोरेंट पर कार्रवाई
पुणे के एफसी रोड स्थित प्रसिद्ध होटल वैशाली और पाली रेस्टोरेंट में जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन पाया गया। होटल वैशाली में कच्चे और पके हुए खाद्य पदार्थों को उचित तरीके से अलग नहीं रखा गया था। साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों में भी कई खामियां मिलीं। वहीं पाली रेस्टोरेंट के किचन में गंदगी, पानी जमा होने, कचरे के अनुचित प्रबंधन और खाद्य पदार्थों को बिना ढके रखने जैसी कमियां सामने आईं। FDA ने दोनों प्रतिष्ठानों के फूड बिजनेस लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। लिखित अनुमति मिलने और दोबारा जांच में मानकों का पालन सुनिश्चित होने तक दोनों प्रतिष्ठान बिक्री, पार्सल और होम डिलीवरी नहीं कर सकेंगे। इस कार्रवाई के बाद पुणे के होटल कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- पंजाब में बड़ा हादसा, मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा की दो बसों में भीषण भिड़ंत
कोल्हापुर में 21 हजार लीटर खाद्य तेल जब्त
FDA ने कोल्हापुर के निमशिरगांव स्थित Avenue Supermarts Limited के ठिकाने पर छापेमारी कर 21,004 लीटर खाद्य तेल जब्त किया है। जब्त तेल की कीमत 45 लाख 95 हजार 260 रुपये बताई गई है। इसमें पामोलिन, सरसों, सूरजमुखी, सोयाबीन और अन्य खाद्य तेल शामिल हैं। कुल 10 नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
गुटखा और पान मसाला के खिलाफ भी कार्रवाई
महाराष्ट्र में प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और सुगंधित तंबाकू की बिक्री और परिवहन के खिलाफ भी FDA ने कार्रवाई की। मुंबई और पुणे में सात प्रतिष्ठानों और वाहनों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान 5 लाख 92 हजार 419 रुपये का प्रतिबंधित माल और वाहन जब्त किया गया। इस मामले में पांच आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं। FDA ने नागरिकों से अपील की है कि हेल्थ सप्लीमेंट्स खरीदते समय उत्पाद का लाइसेंस नंबर, उसमें इस्तेमाल की गई सामग्री और एक्सपायरी डेट जरूर जांचें। किसी भी तरह की शिकायत मिलने पर FDA से संपर्क करें।
