Operation Sindoor: 7 से 10 मई 2025 ये वो समय था, जब भारत का गुस्सा आतंकवादियों और उनके आका पाकिस्तान पर टूट पड़ा था। इसी दौरान भारत ने पाकिस्तान और वहां बैठे आतंकवादियों को साफ संदेश दिया, 'ये नया भारत है, घुसेगा भी और मारेगा भी।' इसके साथ ही भारत ने एक और संदेश दिया, 'छेड़ोगे तो छोड़ेंगे नहीं...' 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम की बैसरन घाटी में आतंकवादियों (Pahalgam Terror Attack) ने 25 निर्दोष लोगों को नाम और धर्म पूछकर मारा था। उसका बदला भारत ने 7 मई की रात पाकिस्तान और PoK में 9 आतंकी ठिकानों पर एक साथ हमला करके दिया। भारत के इस हमले में 100 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए थे। इस अभियान को 'ऑपरेशन सिंदूर' नाम दिया गया। भारत ने आतंकी ठिकानों पर सीमित कार्रवाई की, लेकिन पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आया। पाकिस्तान की तरफ से भारत पर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए गए, जिन्हें सफलतापूर्वक रोक लिया गया। लेकिन इसका करारा जवाब भी दिया गया, जिसके तहत महज 3 घंटे के अंदर पाकिस्तान के 11 एयरबेस को निशाना बनाकर तबाह कर दिया गया। चलिए जानते हैं कैसे भारत ने Operation Sindoor के जरिए पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया था।
7 मई की रात आतंकवादियों के खिलाफ की गई भारत की कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने भारत की तरफ अपनी मिसाइलों और ड्रोन उड़ा दिए। पाकिस्तान की ओर से 7, 8 और 9 मई को कई भारतीय सैन्य ठिकानों और सीमावर्ती शहरों पर ड्रोन और मिसाइलों से हमले की कोशिश की गई। हालांकि, भारत के बहुस्तरीय एयर डिफेंस सिस्टम ने इन हमलों को हवा में ही असफल कर दिया। इसके बाद भारतीय थल सेना, वायु सेना और रणनीतिक कमांड ने इस नापाक हरकत के खिलाफ संयुक्त रूप से जवाबी कार्रवाई का फैसला किया। भारत के तरफ से अब जो कार्रवाई हुई, उसने पूरे क्षेत्र में सामरिक संतुलन ही बदलकर रख दिया। भारत की तरफ से की गई यह जवाबी कार्रवाई 'Opertation Sindoor' का बहुत ही निर्णायक चरण माना जाता है। इसी दौरान भारतीय सेनाओं ने महज 3 घंटे के भीतर पाकिस्तान के 11 बहुत ही अहम एयरबेस और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया और उन्हें ऐसा नुकसान पहुंचाया, जिससे वह आज भी नहीं उबर पाए हैं।
ये भी पढ़ें - Operation Sindoor ने दिया साफ संदेश, ये नया भारत है घुसेगा भी और मारेगा भी, एक ही रात में 9 आतंकी ठिकाने किये ध्वस्त
एक रात, 3 घंटे और पाकिस्तान के 11 ठिकाने बर्बाद
9 और 10 मई की दरम्यानी रात भारत ने काउंटरऑफेंसिव अभियान चलाया। इस रात भारतीय सेना ने हाई-प्रिसिजन हथियारों, स्टैंड-ऑफ मिसाइलों और कामाकाजी ड्रोन का इस्तेमाल कर पाकिस्तान के प्रमुख एयरबेस और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम ने उसे धोखा दिया और भारत ने उसके HQ-9 जैसे चीनी एयर डिफेंस सिस्टम की कमजोरी को उजागर कर दिया। भारत ने पाकिस्तान में जिन 11 एयरबेस और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर बर्बाद किया, उनकी लिस्ट यहां दी जा रही है -
- नूर खान एयरबेस
- रफीकी एयरबेस
- मुरीद एयरबेस
- सरगोधा एयरबेस
- स्कार्दू एयरबेस
- सुक्कुर एयरबेस
- सियालकोट एयरबेस
- चुनियां एयरबेस
- पसरूर एयरबेस
- भोलारी एयरबेस
- जैकोबाबाद एयरबेस
न रनवे बचा न एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम
रक्षा सूत्रों का दावा है कि भारतीय हमले की योजना इतनी सटीक थी कि शुरुआती कुछ मिनटों में तो पाकिस्तान को यह समझ ही नहीं आया कि हमला किस दिशा से हो रहा है। भारतीय हथियारों ने रनवे, एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम, ईंधन भंडार, गोला-बारूद डिपो और लड़ाकू विमानों के हैंगर को निशाना बनाया और पाकिस्तान को खूब नुकसान पहुंचाया। जैकोबाबाद स्थित शाहबाज एयरबेस को इस हमले में काफी नुकसान पहुंचा।
पाकिस्तानी लड़ाकू विमान किए नेस्तनाबूद
भारत के इस हमले में सरगोधा और भोलारी में काफी नुकसान पहुंचा, जहां पर पाकिस्तान के JF-17 और F16 जैसे लड़ाकू विमान खड़े थे। भारत के इस हमले में पाकिस्तान का 20 फीसद एयर फोर्स इंफ्रास्ट्रक्चर बर्बाद हो गया था। यहां खड़े पाकिस्तान के कई लड़ाकू विमान भी नेस्तनाबूद हो गए। भारत के इन हमलों में भोलारी एयरबेस पर स्क्वाड्रन लीडर उस्मान यूसुफ और 4 एयरमैन सहित 50 से ज्यादा लोगों की मौत हुई।
न्यूक्लियर वॉर की धमकी देने वाले को सिखाया सबक
भारत ने जिस गोपनीयता और समन्वय के साथ यह हमले किए, उससे पाकिस्तान ही नहीं, पूरी दुनिया हैरान है। संभवत: दुनिया में पहली बार ऐसा हुआ, जब किसी परमाणु संपन्न देश के इतने बड़े एयर नेटवर्क को इतने कम समय में निशाना बनाकर बर्बाद कर दिया गया। और वो भी पाकिस्तान जैसा देश, जो घड़ी-घड़ी परमाणु हमले की धमकी देता है। ऑपरेशन सिंदूर का यह बहुत ही अहम चरम था और यह सिर्फ सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि दुश्मन को स्पष्ट चेतावनी भी था। जिसमें सेनाओं ने दुश्मन को बताया कि भारत अब सिर्फ हमलों को रोकने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि खतरे की जड़ में जाकर जवाब देगा।