शहर

होशियारपुर सेंट्रल जेल में नशा छुड़ाने वाला ही निकला नशे का सप्लायर! 91 ग्राम ड्रग्स, 98 कैप्सूल और मोबाइल सहित कर्मचारी गिरफ्तार

होशियारपुर सेंट्रल जेल में नशे के आदी कैदियों का इलाज करने वाला OAT सेंटर कर्मचारी ही कथित तौर पर नशे का सप्लायर निकला। जेल में प्रवेश के दौरान तलाशी में उसके पास से 91 ग्राम नशीले पदार्थ, 98 कैप्सूल और मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी रजत को गिरफ्तार कर NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। अब पुलिस संभावित ड्रग्स नेटवर्क की जांच कर रही है।

Image

पंजाब पुलिस।

होशियारपुर: होशियारपुर सेंट्रल जेल में नशे के खिलाफ चल रही व्यवस्था के बीच एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जेल में बंद नशे के आदी कैदियों को नशा छुड़ाने के लिए दवाइयां और काउंसलिंग देने वाला कर्मचारी ही कथित तौर पर नशीले पदार्थों की सप्लाई करने की तैयारी में पकड़ा गया। जेल के अंदर ड्यूटी पर जाते समय तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 91 ग्राम नशीले पदार्थ, 98 नशीले कैप्सूल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

मामले की जानकारी देते हुए थाना सिटी होशियारपुर के SHO अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस को सेंट्रल जेल के असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट जसवंत सिंह की ओर से शिकायत पत्र प्राप्त हुआ था। शिकायत के अनुसार, रजत पुत्र संजीव कुमार, निवासी खुन-खुन कलां, थाना टांडा, जिला होशियारपुर, मेडिकल विभाग के OAT सेंटर (नशा मुक्ति केंद्र) में कर्मचारी के रूप में तैनात था। उसकी ड्यूटी जेल में नशे के आदी कैदियों को दवाइयां देने और काउंसलिंग करने की थी।

जानकारी के मुताबिक, जब रजत अपनी ड्यूटी के लिए जेल परिसर में प्रवेश करने लगा तो तलाशी के दौरान उसके पास से 40 ग्राम और 51 ग्राम, कुल 91 ग्राम नशीले पदार्थ, 98 लाल रंग के कैप्सूल और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके बाद जेल प्रशासन ने पुलिस को मामले की सूचना दी।

SHO अनिल कुमार के मुताबिक, आरोपी पर आरोप है कि वह अपनी ड्यूटी की आड़ में जेल के अंदर नशीले पदार्थ पहुंचाने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना सिटी में FIR नंबर 298 दिनांक 13 नवंबर 2026 दर्ज की है। मामले में NDPS एक्ट की धारा 20, 22, 61 और 85 के तहत कार्रवाई की गई है।

फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि आरोपी के पास नशीले पदार्थ कहां से आए और जेल के अंदर सप्लाई करने के पीछे क्या कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था। पुलिस इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article