BJP Samrasta Yatra: 2027 में पंजाब और उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अब दलित समाज के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए बड़ा अभियान छेड़ दिया है। पार्टी 18 नवंबर से 'समरसता संकल्प यात्रा' निकालने जा रही है। इस यात्रा को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पंजाब के जालंधर से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। करीब 15 दिन चलने वाली यह यात्रा 3 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में जाकर समाप्त होगी।
गुरु रविदास के संदेश के जरिए दलितों तक पहुंचने की रणनीति
इस पूरी यात्रा की धुरी संत शिरोमणि गुरु रविदास होंगे। बीजेपी की कोशिश जालंधर से लेकर काशी तक गुरु रविदास जी के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने की है। पार्टी का मानना है कि इस अभियान से पंजाब के दलित समाज के साथ उसका सीधा संवाद बनेगा और उसके प्रति राजनीतिक स्वीकार्यता भी बढ़ेगी।
पंजाब में 32-34 फीसदी दलित आबादी पर बीजेपी की नजर
पंजाब की सियासत में दलित समुदाय हमेशा से निर्णायक भूमिका निभाता आया है। प्रदेश की कुल आबादी में अनुसूचित जाति समाज की भागीदारी लगभग 32 से 34 प्रतिशत मानी जाती है। यह पूरे देश में सबसे अधिक है। ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले बीजेपी के लिए इस बड़े वोट बैंक तक पहुंचना सबसे बड़ी जरूरत बन गया है।
आम आदमी पार्टी के समर्थक वर्ग तक पहुंच बनाने की कोशिश
भाजपा की विशेष नजर उन दलित बस्तियों और समुदायों पर है, जहां अभी तक आम आदमी पार्टी का प्रभाव मजबूत माना जाता है। 2022 के चुनाव में दलित वोटों का बड़ा हिस्सा आप के खाते में गया था। अब भाजपा इसी वर्ग को अपनी ओर लाने के लिए सामाजिक समरसता, गुरु रविदास जी की शिक्षाओं और दलित समाज से जुड़े मुद्दों को अपना मुख्य हथियार बना रही है।
2027 के चुनाव से पहले बीजेपी का बड़ा आउटरीच अभियान
जालंधर से वाराणसी तक निकलने वाली यह यात्रा पंजाब और उत्तर प्रदेश के बीच एक धार्मिक और सामाजिक सेतु का काम करेगी। यह यात्रा सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि दलित आस्था से भी जुड़ी हुई है। जालंधर का डेरा बल्लां और वाराणसी का सीर गोवर्धनपुर दोनों ही गुरु रविदास के अनुयायियों के लिए आस्था के बड़े केंद्र हैं। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी का यह बड़ा आउटरीच अभियान दलित समाज के बीच उसकी राजनीतिक जमीन को कितना मजबूत कर पाता है।
