Bihar News: बिहार के गोरेयाकोठी प्रखंड के बिंदवल पंचायत स्थित बिंदवल गांव में रविवार को कांग्रेस द्वारा चलाई जा रही माई बहन मान योजना के अंतर्गत एक महिला चौपाल कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी देना था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधि डॉ. ख्वाजा एहतेशाम अहमद ने महागठबंधन सरकार द्वारा लागू की जा रही कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सरकार जरूरतमंद महिलाओं को हर माह ₹2500 की आर्थिक सहायता और वरिष्ठ महिलाओं को ₹1500 की वृद्धा पेंशन प्रदान करेगी। साथ ही 200 यूनिट मुफ्त बिजली भी उपलब्ध कराई जाएगी। डॉ. अहमद ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अब कांग्रेस की जनकल्याणकारी योजनाओं की अनुकरण कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा घोषित 100 यूनिट मुफ्त बिजली योजना को महागठबंधन के दबाव का परिणाम बताया।
महिलाओं को जागरूक करने की पहल
बताया जा रहा है कि इस चौपाल की अध्यक्षता प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष ध्रुव लाल प्रसाद ने की और संयोजन का कार्य अधिवक्ता संदीप शर्मा ने संभाला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी रही, जिनमें अरविंद यादव, विजय कुमार, अनूप यादव, मोहम्मद कैफ, अशफाक अहमद, जुबेर खान, बाबू अली, दीपक राम और अशरफ अली प्रमुख रूप से उपस्थित थे। यह आयोजन महिलाओं को जागरूक करने और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
