Viral Video: हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में मानसून आफत बनकर बरस रहा है। चंबा जिले में बाढ़ ने ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि चलते-फिरते रास्ते मिनटों में उफनती नदियों में तब्दील हो गए। इसी खौफनाक मंजर के बीच भटियात क्षेत्र के ककीरा-कमलाडी मार्ग पर एक ऐसा मामला सामने आया, जिसे देखकर हर किसी की सांसें थम गईं। यहां पानी के तेज बहाव में एक बाइक सवार फंस गया और तेज धार उसे बहा ले जाने पर आमादा थी। लेकिन, समय रहते एक दुल्हन के दुपट्टे ने उसकी जान बचा ली। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि घटासनी के मामला गांव का रहने वाला यह युवक अपनी बाइक से जा रहा था कि अचानक सड़क पर पहाड़ से आया मटमैला सैलाब उफान मारने लगा। पानी की रफ्तार इतनी तेज थी कि युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह अपनी बाइक समेत बहने की कगार पर पहुंच गया। आसपास कोई मदद नहीं दिख रही थी और हर बीतते सेकंड के साथ युवक की जिंदगी पर खतरा मंडरा रहा था। तभी वहां से गुजर रही एक गाड़ी रुकती है। जब पानी की भयंकर गर्जना के बीच बाइकर तक पहुंचना नामुमकिन लग रहा था, तब गाड़ी में बैठी एक नवविवाहित महिला ने कमाल की सूझबूझ दिखाई। महिला ने बिना वक्त गंवाए अपने दुपट्टे और शॉल को आपस में बांधकर एक मजबूत 'रस्सी' तैयार की। गाड़ी में मौजूद एक युवक और महिलाओं ने पानी के किनारे जाकर उस दुपट्टे को बहते हुए बाइकर की तरफ बढ़ा दिया। जिंदगी की आस में छटपटा रहे बाइकर ने तुरंत उस दुपट्टे को कसकर पकड़ लिया। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने अपनी जान जोखिम में डालकर उस युवक को सैलाब के बीच से खींचकर सुरक्षित किनारे पर पहुंचा दिया। देखें वीडियो...
दिल थामकर देखें नजारा
वीडियो देखकर आपका दिमाग भी जरूर चकरा गया होगा। इस पूरे दिल दहला देने वाले रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। एक्स पर इस वीडियो को iNikhilsaini नाम के पेज से शेयर किया गया है। वीडियो को लाखों लोग अब तक देख चुके हैं। इतना ही नहीं यूजर्स नवविवाहित महिला और उसके परिवार की हिम्मत और त्वरित सूझबूझ की जमकर तारीफ कर रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि इंसानियत आज भी जिंदा है और सही मायने में उस नवविवाहिता ने उस युवक को नई जिंदगी दी है।
