पटना

बिहार में आई बहार, CM नीतीश कुमार ने 1239 नवनियुक्त सब इंस्पेक्टर को दिए अपॉइंटमेंट लेटर

Bihar News: बिहार देश का ऐसा पहला राज्य बना गया है, जहां तीन ट्रांसजेंडरों को एक साथ दारोगा पद के लिए नियुक्ति पत्र दिया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सूबे के नवनियुक्त 1239 दारोगा को नियुक्ति पत्र दिया, जिसमें पहली बार तीन ट्रांसजेंडर दरोग़ा को भी इस मौके पर नियुक्ति पत्र सौंपा, इनमें एक ट्रांसवुमेन और दो ट्रांसमेन शामिल हैं। वहीं मानवी मधु कश्यप पहली ट्रांसवुमेन हैं जो दारोगा बनीं है. जबकि, रोनित झा और बंटी कुमार ट्रांसमेन है

Image

बिहार में 1239 सब इंस्पेक्टर को दिए अपॉइंटमेंट लेटर

Photo : Times Now Digital

Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को 1239 नवनियुक्त पुलिस अवर निरीक्षकों को नियुक्ति प्रमाण पत्र प्रदान किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा क‍ि पुलिस बल में महिलाओं की संख्या बढ़ी है। उन्होंने मधु कश्यप, गौतम कुमार, शोभा रानी, लाडली कुमारी, शिवेश कुमार झा, कोमल कुमारी, रीना कुमारी तथा रोशनी कुमारी को सांकेतिक रूप से नियुक्ति प्रमाण पत्र प्रदान किया।

1239 नवनियुक्त पुलिस अवर निरीक्षक

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ करने के पश्चात् मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि 1239 नवनियुक्त पुलिस अवर निरीक्षकों में 442 महिलाएं चयनित हुई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 में प्रदेश में पुलिस की संख्या लगभग 42 हजार थी। इसके बाद पुलिस की बहाली की प्रक्रिया को तेज किया और अब पुलिस बल की संख्या 1 लाख 10 हजार हो गई है। वर्ष 2013 में पुलिस बल में महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया, इससे पुलिस बल में महिलाओं की संख्या बढ़ी।

बिहार में पुलिस बल की संख्या 2 लाख 29 हजार होनी चाहिए

उन्होंने कहा, "आज पुलिस बल में महिलाओं की संख्या लगभग 30 हजार हो गई है। देश के दूसरे राज्यों में पुलिस बल में महिलाओं की संख्या इतनी कहीं नहीं है। महिला थानों में महिला पुलिस पदाधिकारी की नियुक्ति से महिलाओं को शिकायत दर्ज कराने में सहूलियत हो रही है।" मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में पुलिस बल की संख्या 2 लाख 29 हजार होनी चाहिए। अभी यह संख्या 1 लाख 10 हजार है। 21 हजार पुलिस बल की बहाली प्रक्रिया जारी है।

अगले 6 महीने में बचे हुए पदों की बहाली होगी पूरी

उन्होंने पुलिस महानिदेशक को निर्देश देते हुये कहा कि शेष 78 हजार पुलिस बल की बहाली जल्द कराएं। अगले 6 महीने में बचे हुए पदों की बहाली प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने कहा कि हमने पुलिसिंग सिस्टम को ठीक किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि थाना के कार्यों को दो भागों, केसों के अनुसंधान और विधि व्यवस्था को अलग-अलग किया गया, जिससे कार्यों का त्वरित और बेहतर ढंग से निष्पादन किया जा सके।

10 लाख नौकरी और 10 लाख रोजगार देने की बात

उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 में सात निश्चय-2 के अंतर्गत हम लोगों ने 10 लाख नौकरी और 10 लाख रोजगार देने की बात कही थी। अब तक 24 लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। 10 लाख लोगों को और रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। 10 लाख नौकरी देने की जो बात कही गई थी, उसमें 7 लाख 16 हजार लोगों को नौकरी दी जा चुकी है।

सभी लोगों के सहयोग से राज्य तरक्की कर रहा है।

उन्होंने कहा कि सभी वर्गों एवं धर्मों के लोगों को नौकरी और रोजगार दिया जा रहा है, इसमें किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जा रहा है। सीएम ने कहा कि सभी लोगों के सहयोग से राज्य तरक्की कर रहा है। केंद्र सरकार भी बिहार को काफी सहायता दे रही है। सबके सहयोग से बिहार को विकसित प्रदेश बनाएंगे, बिहार और आगे बढ़ेगा।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अवर निरीक्षकों ने ली शपथ

कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिदेशक आलोक राज ने नवनियुक्त पुलिस अवर निरीक्षकों को विभागीय शपथ तथा मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने मद्य निषेध की शपथ दिलाई। कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, गृह विभाग के प्रधान सचिव अरविंद कुमार चौधरी तथा पुलिस महानिदेशक आलोक राज ने भी संबोधित किया।

(इनपुट-भाषा)

Maahi Yashodhar
Maahi Yashodharauthor

माही यशोधर Timesnowhindi.com में न्यूज डेस्क पर काम करती हैं। यहां वह फीचर, इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स न्यूज कवर करती हैं। इसके अलावा वह डेवलपमेंट की खबरों पर भी नजर रखती हैं। वह सड़क, रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा क्राइम और पर्यावरण से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं। राजनीति में खास रुचि होने के कारण वह राजनेताओं और राजनीति से जुड़ी खबरें ब्रेक करते हैं। इससे पहले माही ने देश के नामी मीडिया संस्थानों एनडी टीवी और न्यूज18 में काम किया है। माही यशोधर ने पत्रकारिता में डिग्री ली है। उन्होंने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत देश के नामी संस्थान टाइम्स से की थी, जहां उन्होंने एंटरटेनमेंट डेस्क पर रहते हुए खबरों को धार दी। इसके बाद वह डिजिटल पत्रकारिता में आगे बढ़ती रहीं। पूर्व में माही यशोधर ने एंटरटेनमेंट, हेल्थ, एजुकेशन, एस्ट्रो, वायरल और लाइफस्टाइल की खबरों पर काम किया है। माही हर छोटी-बड़ी खबर को जल्द से जल्द अपने पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। माही अपने पाठकों की नब्ज अच्छे से समझती हैं। उन्हें खबरों की अच्छी समझ है और उनकी भाषा ऐसी है कि कम शब्दों में भी पाठक को पूरी खबर समझा देती हैं।

और पढ़ें
End of Article