ग्रेटर नोएडा वेस्ट यानी नोएडा एक्सटेंशन (Noida Extension) के लोगों को लंबे समय से यहां मेट्रो का इंतजार है। लोग हर सप्ताह रविवार के दिन यहां के चौक-चौराहों और गोलचक्कर पर मेट्रो के लिए प्रदर्शन भी करते हैं। यहां कई सोसाइटियों में तो लोगों ने मेट्रो न मिलने पर वोट न देने के बैनर भी लगा दिए हैं। लेकिन अब ग्रेटर नोएडा वेस्ट (Greater Noida West) के लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। यहां के लोगों को अब एक नहीं, बल्कि दो मेट्रो लाइन से जोड़ा जा रहा है। इसके अलावा नमो भारत (Namo Bharat) जैसी आधुनिक परिवहन व्यवस्था से भी यह इलाका जुड़ जाएगा।
ये हैं दो मेट्रो लाइन ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोग भले ही अभी एक मेट्रो लाइन के लिए बार-बार आंदोलन करने को मजबूर हों। लेकिन भविष्य में इस क्षेत्र को दो मेट्रो लाइन से जोड़ने की योजना बन चुकी है। यहां पहले से प्रस्तावित नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो यानी एक्वा लाइन पर जल्द काम शुरू हो सकता है। इस लाइन पर ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पहला स्टेशन चार मूर्ति गोल चक्कर यानी किसान चौक पर होगा। यहीं पर साहिबाबाद की तरफ से आने वाली नमो भारत मेट्रो का स्टेशन भी बनाए जाने का प्रस्ताव है।
चार मूर्ति पर होगा खास स्टेशन
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चार मूर्ति पर बनने वाला स्टेशन अपने आप में बेहद खास होगा। क्योंकि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक्वा लाइन मेट्रो का यह पहला स्टेशन होगा। यही स्टेशन नमो भारत मेट्रो का भी स्टेशन होगा। यही नहीं दिल्ली-मेरठ नमो भारत (एनसीआरटीसी) के एक्सटेंशन के तौर पर जेवर एयरपोर्ट तक जाने वाली ट्रेन भी इसी स्टेशन पर रुकेगी। इस तरह से इस एक चार मूर्ति स्टेशन पर दो मेट्रो और RRTS की ट्रेन के लिए यह इंटीग्रेटेड स्टेशन होगा।एक्वा लाइन मेट्रो, नोएडा सेक्टर-51 से आगे बढ़ेगी और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में उसका पहला स्टेशन चार मूर्ति पर होगा। इसके बाद एक्वा लाइन यहां नॉलेज पार्क-5 तक 10 किमी की दूरी तय करेगी। लेकिन इसके लिए अलग से ट्रैक बनाने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि नमो भारत और नमो भारत मेट्रो के साथ एक्वा लाइन भी इस रूट पर एक ही ट्रैक पर दौड़ेंगी। इस तरह से परियोजना के कुल खर्च में करीब 2000 करोड़ रुपये की बचत हो सकती है। यानी एक्वा लाइन के लिए अब सेक्टर-51 से चार मूर्ति तक ही निर्माण कार्य होगा, आगे के 10 किमी के लिए मेट्रो नमो भारत के ट्रैक पर ही चलेगी।
