हरिद्वार के सप्त सरोवर रोड स्थित लालमाता मंदिर के सामने एक चाय विक्रेता ने आज यानी शुक्रवार 18 सितंबर को आत्महत्या कर ली। जांच में मृतक की पहचान सुरेंद्र कोहली (50) पुत्र शंकु राम निवासी ग्राम मंगरूखाल, भिकियासैंण, अल्मोड़ा के रूप में हुई है। बता दें कि यह वही सुरेंद्र कोली है, जो नोएडा के निठारी केस में आरोपी रहा था।
चौकी सप्तऋषि पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने अपनी दुकान में आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि सुरेंद्र कोली पिछले कुछ महीनों से हरिद्वार में ही रह रहा था। कुछ दिन पहले ही उसने यहां पर चाय का खोखा किराए पर लिया था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक हरिद्वार शहर के कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया है जिस चाय की दुकान चलाने वाले शख्स ने आत्महत्या की है, वह निठारी कांड का आरोपी रहा सुरेंद्र कोली ही है। हालांकि, उसकी चाय की दुकान से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस इस मामले की हर ऐंगल से जांच कर रही है।
सुप्रीम कोर्ट से हो गया था बरी
ज्ञात हो कि साल 2025 में ही सुप्रीम कोर्ट ने सुरेंद्र कोली को साल 2006 के निठारी हत्या और दुष्कर्म मामले में बरी कर दिया था। जबकि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सुरेंद्र कोली को निठारी कांड के कई मामलों में फांसी की सजा सुनाई थी। हालांकि, उसे साल 2015 में ही फांसी की सजा से राहत देते हुए उसकी सजा को उम्र कैद में बदल दिया गया था।
