Nashik TCS Case: नासिक में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) की इकाई से जुड़े यौन उत्पीड़न और कथित जबरन धर्मांतरण केस में बड़ा मोड़ सामने आया है। इस मामले की मुख्य महिला आरोपी निदा खान की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। हाल ही में उनके पति ने नासिक की एक पारिवारिक अदालत में उनके खिलाफ तलाक की याचिका दायर की है, जिसके बाद अदालत ने याचिका पर सुनवाई के लिए निदा खान को समन जारी किया है।
22 अगस्त को जारी हुआ समन
पारिवारिक अदालत ने तलाक याचिका पर संज्ञान लेते हुए 22 अगस्त को समन जारी किया। अदालत ने निदा खान या उनके वकील को 16 अक्टूबर को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट के समक्ष पेश होने का आदेश दिया है। पति की ओर से दायर याचिका में विवाह समाप्त करने का अनुरोध किया गया है।
TCS मामले में गंभीर आरोप
निदा खान पर नासिक स्थित TCS के BPO यूनिट में काम करने वाली कुछ महिला कर्मचारियों पर कथित तौर पर इस्लाम अपनाने का दबाव डालने के गंभीर आरोप हैं। इसके अलावा उन पर मुख्य आरोपी दानिश शेख की पहली शादी की जानकारी छिपाने और कथित तौर पर महिलाओं को गुमराह कर उनके शोषण में मदद करने के आरोप भी लगाए गए हैं। दानिश शेख को निदा खान का भाई बताया गया है।
SIT कर रही पूरे मामले की जांच
इस मामले में नासिक पुलिस ने निदा खान को गिरफ्तार किया था। हालांकि, बाद में कोर्ट ने उनकी गर्भावस्था और चिकित्सीय आधार पर उन्हें जमानत दे दी थी। इसके बाद वह मामले में जमानत पर बाहर हैं। फिलहाल नासिक पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) मामले की जांच कर रही है। जांच का दायरा कथित धर्मांतरण और TCS में कार्यस्थल पर हुए उत्पीड़न से जुड़े आरोपों तक है। SIT अब तक इस मामले में कोर्ट के सामने दो विस्तृत आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है। अब निदा खान के पति की ओर से दायर तलाक याचिका के चलते मामला पारिवारिक अदालत तक भी पहुंच गया है। कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 16 अक्टूबर की तारीख तय की है।
